पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा। सोशल मीडिया
अंबाला। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 12 फुट ऊंची प्रतिमा अंबाला छावनी के बैंक स्क्वायर में स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा को 25 दिसंबर से पहले 50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से स्थापित करने का लक्ष्य है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के निर्देश पर नगर परिषद प्रशासन ने परियोजना पर कार्रवाई तेज की है।
बैंक स्क्वायर छावनी का सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। प्रतिमा की स्थापना के साथ इस हिस्से का सुंदरीकरण भी किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा को ऐसे स्थापित किया जाएगा कि चौराहे से गुजरने वाले लोग दूर से ही इसके दर्शन कर सकें। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बैंक स्क्वायर जैसे मुख्य स्थान पर प्रतिमा लगाने के फैसले का स्वागत किया है।
25 दिसंबर तक स्थापना का लक्ष्य
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिमा स्थापना का कार्य 25 दिसंबर से पहले पूरा कर लिया जाए। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है, जिसे सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रशासन की योजना है कि सुशासन दिवस के मौके पर एक समारोह आयोजित कर इस प्रतिमा का अनावरण किया जाए। नगर परिषद सदर, अंबाला की अध्यक्ष स्वर्ण कौर ने कहा कि संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं। विभाग आगामी कार्रवाई में जुट गया है और जल्द ही निविदा जारी करके प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा। सोशल मीडिया