करनाल। हमारी प्रतिभा का डंका फिर से पूरे देश में बजा है। गांव की मिट्टी में खेल कूदकर पले बढ़े करनाल के वकील ने हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज की सामान्य श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। वह अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद के लिए चयनित हुए हैं। परिणाम घोषित होते ही कर्ण नगरी के वकील झूम उठे और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
यूपी हाईकोर्ट ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के लिए हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज परीक्षा आयोजित की थी। करनाल के सेक्टर नौ निवासी मलखान सिंह ऐबली नीलोखेड़ी ने सामान्य श्रेणी में देशभर में टॉप किया है। सामान्य श्रेणी के लिए 39 पद सृजित किए गए थे। 10 हजार वकीलों ने प्रारंभिक परीक्षा दी थी। फाइनल परीक्षा में सिर्फ 1600 अभ्यर्थी ही पहुंच सके थे। सामान्य और आरक्षित श्रेणी के कुल 78 पद निर्धारित किए गए थे। 42 वर्षीय मलखान सिंह ने करनाल से वर्ष 1998 में प्रेक्टिस शुरू की थी।
कुरुक्षेत्र स्थित श्रीमद्भागवत गीता सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एलएलबी करने के बाद 14 साल तक करनाल में ही प्रेक्टिस की। सितंबर 2012 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। 17 दिसंबर को रिजल्ट आया और 7 जनवरी 2013 को फाइनल साक्षात्कार हुआ। सात फरवरी को रिजल्ट घोषित किया गया। इसमें मलखान सिंह को सामान्य श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। हरियाणा से दो वकीलों का चयन हुआ है। हिसार जिले के मंजीत श्योराण भी अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बन गए हैं।
गुरु ने पार की नैया
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बने मलखान सिंह ने सफलता का श्रेय अपने गुरु एडवोकेट भूपेंद्र सिंह राठौर एवं चेयरमैन बार काउंसिल ऑफ इंडिया को दिया है। उनका दावा है कि गुरु के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही उनकी नैया पार हो सकी है। उनका कहना है कि मुख्य ध्येय न्याय के प्रति लोगों की धारणा मजबूत करना है।
बधाई देने वालों का लगा तांता
मलखान सिंह के देशभर में टॉप करने पर आरडी बाली, डॉक्टर अजब सिंह, रामपाल चौधरी, जयपाल चौधरी, रोशनलाल, होशियार सिंह, अमरदीप सिंह, राहुल बाली, विपिन कपूर, जेसी चावला, भूपेंद्र जिंदल, विपिन कुमार, अनिल साहनी ने बधाई दी है।