कैथल। थाना शहर पुलिस ने खुराना रोड पर वेश्यावृत्ति के अड्डे का पर्दाफाश कर घर की मालिक और एक युवती को संदिग्ध हालात में गिरफ्तार किया है। स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को ही आला अधिकारियों को इस बारे में शिकायत दी थी। पुलिस ने शुक्रवार रात को ही कार्रवाई कर गलत काम करने वालों को गिरफ्तार कर लिया। महिला और युवती को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। लोगों ने शुक्रवार रात को भी महिला के घर के बाहर प्रदर्शन किया था।
शुक्रवार को खुराना रोड वासियों ने डीसी चंद्रशेखर और एसपी कुलदीप सिंह यादव को शिकायत देकर बताया था कि खुराना रोड पर एक महिला अपने ही घर में अनैतिक कार्य करवाती है जिसका आसपास रहने वाले लोगों पर बुरा असर पड़ रहा है। थाना शहर पुलिस ने शुक्रवार रात को ही महिला के घर छापा मारा। मौके से एक व्यक्ति भाग गया जबकि पुलिस ने महिला और एक युवती संदिग्ध हालत में गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ सिटी विष्णु प्रसाद ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खुराना रोड पर एक महिला घर मेें ही वेश्यावृत्ति का अड्डा चला रही है। सूचना के बाद एक नकली ग्राहक बनाकर वहां भेजा गया और कार्रवाई कर महिला और एक युवती को मौके से काबू कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।