करनाल। एक महीना पहले घर से भाग कर शादी रचाने वाली नाबालिग किशोरी को युवक सहित मधुबन थाना पुलिस ने पंजाब से काबू कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पहले ही अपहरण का मामला दर्ज किया हुआ था, लेकिन शनिवार को पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराने के बाद युवक पर दुराचार करने का मामला दर्ज करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, लेकिन कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि किशोरी की डाक्टरी व ड्यूटी मजिस्ट्रेट को 164 के बयान कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है।
करीब एक महीना पूर्व नाबालिग किशोरी को घर से भगाकर शादी करने वाले युवक को पुलिस ने पंजाब के मानसा से काबू कर लिया। मधुबन थाना प्रभारी ने बताया कि गांव खरकाली की रहने वाली साढ़े 17 वर्षीय किशोरी को पंजाब के मानसा का युवक रुप सिंह 27 अक्तूबर को शादी करने के लिए भगा ले गया था। इस संदर्भ में मधुबन पुलिस ने किशोरी के पिता की शिकायत पर 5 नवंबर को किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने सूत्रों की निशानदेही पर शुक्रवार रात मानसा से दोनों को काबू कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनाें ने पंजाब के मानसा की कोर्ट में शादी करने के बाद वहां की पुलिस से प्रोटेक्शन लेकर रह रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी का जन्म प्रमाण पत्र निकलावने के बाद वहां बताया गया कि किशोरी नाबालिग है और इसकी आयु साढे़ 17 वर्ष है, और किशोरी के पिता की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज किया जा चुका है। इसपर कोर्ट ने युवक व किशोरी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शनिवार को दोनों का मेडिकल कराने के बाद युवक पर अपहरण के साथ-साथ दुराचार का मामला दर्ज करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया।