कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में दो दिन पहले हुई छापामारी के दौरान काफी संख्या में छात्रों पर अनियमितताओं के चलते जुर्माना ठोका गया था। इसी तर्ज पर बृहस्पतिवार को भी केयू हास्टल प्रशासन द्वारा शिकायत मिलने पर छापामारी अभियान चलाया गया, जिसमें कई विद्यार्थियों के कमरे रद किए गए और जुर्माना ठोका गया। सुबह 4 बजे केयू के चीफ वार्डन डा. सतदेव के नेतृत्व में मुख्य सुरक्षा वार्डन डा. सुरेश ड्रोलिया, प्रताप हास्टल के वार्डन डा. धीरेंद्र कौशिक और अर्जुन हास्टल के वार्डन डा. आरके सिंह ने छापामारी अभियान चलाया। जिसमें दो कमरे रद किए गए और 5 कमरों में रह रहे हास्टलरों पर 7 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
इनके कमरे हुए रद
अर्जुन हास्टल के कमरा नंबर 96 के बीएचएम चतुर्थ वर्ष के छात्र सोनू का कमरा रद कर दिया गया। छापामारी के दौरान इस कमरे में चार आउटसाइडर पाए गए। इन आउटसाइडरों ने शराब का सेवन कर रखा था और रात्रि में जमकर हास्टल में उत्पात मचाया। नशे की हालत में रात में इन्होंने हास्टल के शीशे तोडे़ और बिजली के स्विच तोड़ रखे थे। इसके कारण तुरंत प्रभाव से कमरा रद करके खाली करा दिया गया और सामान स्टोर में रखा गया।
इसी हास्टल में कमरा नंबर-102 में एमबीए तृतीय वर्ष के छात्र रोहताश का कमरा भी रद कर दिया गया। इस कमरे में 2 आउटसाइडर पाए गए थे। यह कमरा भी खाली करा दिया गया है।
इन पर जुर्माना
देवीलाल हास्टल के कमरा नंबर-66 के एलएलबी छात्र शुभम सिंगला और अंकुश मित्तल, कमरा नंबर-67 के एलएलबी छात्र चिराग सिंघाल व अक्षय सिंगला के कमरों में हुक्का मिलने पर 1-1 हजार का जुर्माना किया गया। देवीलाल हास्टल के कमरा नंबर 47 के एलएलबी छात्र युदीप व गौरव पर कमरे में हास्टल प्रशासन के सामान को नुकसान पहुंचाने पर दोनों छात्रों पर 500-500 रुपये का जुर्माना किया गया। इसी हास्टल के कमरा नंबर-20 के बीटेक छात्र धीरज, बलराज व सुनील, कमरा नंबर-45 के एमबीए छात्र अभिषेक सोनी पर रूम सर्विस बंद होने के बावजूद कमरे में खाना मंगवाने के कारण 500-500 रुपये जुर्माना ठोका गया।
व्यवस्था सही बनाने के लिए जुटे हैं
चीफ वार्डन डा. सतदेव ने कहा कि हास्टल में सही व्यवस्था बनाने के लिए पूरा हास्टल प्रशासन दिन-रात जुटा हुआ है। पिछले एक महीने से केयू हास्टलों में निरंतर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद सिर्फ और सिर्फ हास्टलों में अनुशासन व व्यवस्था कायम रखना है।