कैथल। लाल बहादुर शास्त्री नेशनल अकादमी आफ एडमिनिस्ट्रेशन मसूरी के 87वें फाउंडेशन विलेज विजिट कोर्स के ग्रुप 7 से कैथल पहुंचे भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा व भारतीय विदेश सेवा के 27 अधिकारियों ने रविवार से अपने ग्रामीण स्टडी विजिट के दौरान अध्ययन शुरू कर दिया। रात्रि में कैथल मुख्यालय में ठहरने के बाद सुबह सभी 27 अधिकारी अपने-अपने ग्रुप में संबंधित गांवों की ओर रवाना हुए। अधिकारियों ने पहले दिन गांवों में ओवर ऑल व्यू लिया। इसमें गांव में उपलब्ध संसाधनों, सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने अपने गांवों के भ्रमण के दौरान गांवों में साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित घरों की उपलब्धता सहित कृषि के संबंध में जानकारी जुटाई। अधिकारी 8 नवंबर तक इन गांवों में रुकेंगे तथा लोगों से बातचीत कर उनकी जरूरतों एवं जीवन यापन के संबंध में प्रोजेक्ट तैयार करेंगे।
नोडल अधिकारी डीडीपीओ राजेश खौथ ने बताया कि पहले दिन सभी अधिकारी संबंधित गांवों में पहुंचे तथा उन्होंने पूरे गांवों का दौरा किया, ताकि प्रारंभिक जानकारी जुटाई जा सके। सरपंच सहित अन्य गांव वासी भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। अधिकारियों के इस स्टडी टूर के दौरान संबंधित ब्लॉकों में बीडीपीओ की भी उनके सहयोग के लिए ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, विकास एवं पंचायत, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम, कृषि व भूमि सुधार कार्यक्रम संबंधी पांच विषयों पर ये अधिकारी जानकारी जुटा रहे हैं।
रविवार को गुहला खंड के मलिकपुर समाना गांव में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी निधि निवेदिता, नेहा प्रकाश, विनीत कुमार, अरिबंम राधाबिनोद शर्मा, आशिष भार्गव व विशाल गुप्ता कुल छह अधिकारी पहुंचे। इसी प्रकार से सीवन विकास खंड के उरलाना गांव में आईएएस अधिकारियों में नोनगमेथम वंदना देवी व केशव हिंगोनिया सहित आईपीएस अधिकारियों में ममता गुप्ता, अविनाश कुमार सिंह व अवकाश कुमार पहुंचे। वहीं पूंडरी खंड के जडौला गांव में आईपीएस अधिकारी सुजाता सिंह, आईएएस सोनल स्वरूप, अभिषेक कुमार तिवाड़ी, संजीव कुमार बेसरा, आईएफएस में रिछपाल सिंह व अखिलेश सिंह, राजौंद के सौंगरी गांव में आईएफएस एनरमावी हाकीप, गीतांजलि ब्रांडडोन, आईएएस अधिकारियों में पोमाटुड़, विनीत भारद्वाज व मनीष अग्रवाल पहुंच गए हैं।
सौंगरी में पहुंचे अधिकारी
राजाैंद। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के ग्रामीण क्षेत्र में ठहराव कार्यक्रम के तहत पांच अधिकारी राजौंद खंड के सौंगरी गांव में पहुंचे। इन अधिकारियों में आई एफ एस एनरमावी हाकीप, गीतांजलि ब्रांडडोन, आई ए एस अधिकारियों में पोमाटुड़, विनीत भारद्वाज व मनीष अग्रवाल शामिल है। अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र से अवगत करवाने के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नवनीत कौर, नायब तहसीलदार लवजीत सिंह विर्क के अलावा कार्यकारी थाना प्रभारी रामकुमार की देखरेख में अधिकारियाें के ठहराव व प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था की गई है। नायब तहसीलदार लवजीत सिंह विर्क ने बताया कि आठ नवंबर तक उक्त सभी पांचों प्रशासन अधिकारियों को ग्रामीण आंचल की संस्कृति, राजस्व प्रबंधन व ग्रामीण पृष्ठ भूमि के ऐतिहासिक व धार्मिक तथा भौगोलिक परिस्थितियाें से रूबरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग अधिकारियों के साथ रहेगा।