कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भी कोरोना पॉजिटिव के 93 नए केस मिले हैं। जबकि एक महिला की मौत हो गई है। इनमें विभिन्न स्कूलों के 16 विद्यार्थी हैं, दो विद्यार्थी आईटीआई के भी शामिल है। इससे अलग अध्यापक, प्रोफेसर, दो पुलिस कर्मी, बैंक कर्मी आदि भी शामिल है। वहीं दूसरी ओर कोरोना पॉजिटिव सदर बाजार निवासी एक महिला की भी मौत हुई है लेकिन वह करनाल जिले के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है, क्योंकि उसकी मौत चंडीगढ़ हुई है।
उधर, जिले में अभी तक 160 मरीजों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। वहीं सैंपलों की बात करें तो जिले में अभी तक 243289 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें 12394 पॉजिटिव आए हैं और 228270 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 662 एक्टिव केस हैं और 11572 मरीज ठीक हो चुके हैं।
3378 लाभार्थियों को लगा कोरोना का टीका
कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण को लेकर मंगलवार को 37 केंद्र बनाए गए थे। इन सभी केंद्रों पर 3378 लाभार्थियों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। इनमें 3022 बुजुर्ग शामिल है। इसके साथ ही 3290 को पहली डोज और 88 कर्मचारियों को दूसरी डोज लगाई गई है।
वाहन चालकों का भी किया टेस्ट
कोरोना के बढ़ते केसों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जहां लोगों को जागरूक किया तो वहीं अंबेडकर चौक पर वाहन चालकों को रोक कर उनका कोरोना टेस्ट भी किया। इसके साथ ही लोगों को मास्क भी वितरित किए।