कालाधन लाने की बात करने वाले अब गरीबों को लूट रहे हैं : चौटाला
अमर उजाला ब्यूरो
जुंडला (करनाल)।
नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि रोजगार देने, कालाधन वापस लाने और किसानों को मालामाल करने के वादे के साथ सत्ता में आई भाजपा सरकार अब वादों से मुकर गई है। कर्मचारियों से रोजगार छीना जा रहा है और किसानों को बर्बाद करने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। कालाधन वापस लेने में सरकार फेल साबित हुई है, लेकिन अब सरकार गरीबों को लूटने में जुटी है। वे बुधवार को गांव दादुपुर रोड़ान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान विधायक अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 10 साल भुगतने के बाद जनता ने मजबूरी में भाजपा सरकार को चुना था। कांग्रेस ने 10 सालों में जनता की मेहनत की कमाई को जमकर लूटा। किसानों की जमीन को कोड़ियों के भाव जबरन अधिग्रहण किया गया। अब भाजपा सरकार इस मामले में कांग्रेस से भी आगे निकल गई है। किसानों का शोषण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस के कुशासन से तंग आकर भाजपा को सत्ता सौंपी। भाजपा के राज में जनता के सबसे बुरे दिन आए हैं। प्रधानमंत्री ने किसानों को लागत मूल्य से 50 प्रतिशत का लाभ देने का वादा चुनाव से पहले किया था, लेकिन भाजपा सरकार लागत मूल्य तक किसानों को नहीं दे रही। प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप्प हो चुकी है। लोग दहशत के माहौल में हैं।
अभय चौटाला ने कहा कि गीता जयंती पर करोड़ों रुपये खर्च करने वाली सरकार को चाहिए कि पहले जनता को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई। गांवों में दो घंटे भी बिजली नहीं दी जा रही। एसवाईएल मुद्दे पर बोलते हुए विधायक अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो ने सरकार को 23 फरवरी तक का अल्टीमेटम दिया है। अगर सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो सात मार्च को दिल्ली में विशाल रैली कर बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। एसवाईएल का पानी इनेलो ही हरियाणा में लेकर आएगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव बृज शर्मा, जिला प्रधान यशवीर राणा, पूर्व विधायक मामूराम, नरेंद्र सांगवान, जिला प्रवक्ता हरपाल रोड़, रामकुमार ऐबला, फूल सिंह मंजूरा, बबलू जाणी, प्रेम शाहपुर, धर्मवीर पाढ़ा, माया राम, सरपंच ईश्वर सिंह, नफे सिंह, बाबू राम, सुभाष जुंडला और सोनिका गिल आदि मौजूद रहे।
शहीद परगट सिंह के घर पहुंचे अभय चौटाला
बुधवार को करनाल पहुंचे विधायक अभय सिंह चौटाला रंबा गांव में शहीद परगट सिंह के निवास पर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों से बातचीत कर ढांढस बंधाया। चौटाला ने कहा कि शहीद परगट सिंह पर देश को गर्व है। हरियाणा के जवान देशसेवा में लगे हुए हैं। शहीद परगट सिंह की शहादत को कभी भूलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार की इनेलो हरसंभव मदद करेगी। सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि परिवार की सहायता करे। इस दौरान गुरदेव रंबा, प्रदीप कांबोज, मेहम सिंह, हरपाल रोड़, चरणजीत डूंगरा, भीम मढाण, बलजिंद्र भादसो और प्रेम सिंह उड़ाना आदि मौजूद रहे।