रॉन्ग साइड स्कूल बस ने ऑटो को मारी टक्कर, बच्चों को छोड़कर भागे चालक-परिचालक
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
जीटी रोड पर मधुबन के पास सर्विस लाइन में रॉन्ग साइड से आ रही स्कूली बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में आटो सड़क पर ही पलट गया और चालक गंभीर घायल हो गया। वहीं हादसे के बाद बस चालक और परिचालक तुरंत मौके से फरार हो गए, जबकि घबराए बच्चे बस में ही सवार रहे। गनीमत रही कि बच्चों को चोट नहीं आई और कुछ देर बाद बच्चे भी बस से नीचे उतरकर सड़क पर खड़े हो गए। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस भी हादसे के करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंची। घायल आटो चालक को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार ऑटो चालक शेर सिंह करनाल से दवाइयों की तीन पेटी लेकर जा रहा था। जैसे ही वह जीटी रोड पर सर्विस लाइन पर मधुबन की ओर पहुंचा तो सामने से एक निजी स्कूल की गलत दिशा में आ रही बस के चालक ने ऑटो को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही आटो पलट गया और चालक घायल हो गया। हादसे से पहले भी जहां बस चालक की लापरवाही सामने आई तो हादसे के बाद भी बस चालक व परिचालकों ने लापरवाही करते हुए मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने बताया कि मौके से फरार हुए बस के चालक और परिचालक को न तो घायल को अस्पताल में दाखिल कराने की चिंता थी और न ही बच्चों की सुरक्षा की। हादसे से डरे स्कूली बच्चे बस से उतर कर सड़क पर ही घूमने लगे। हालांकि, राहगीरों ने बच्चों को संभाला और उनके परिजनों को सूचना दी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को दूसरी बस से घर और घायल को अस्पताल पहुंचाया। मधुबन थाने के एएसआई रामेहर का कहना है कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच की रही है।