करनाल। स्मार्ट सिटी के तहत कर्ण स्टेडियम में 90 बेड का हॉस्टल तैयार किया जा रहा है। जो इस साल दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा और खेल विभाग को सौंप दिया जाएगा। अक्सर प्रतियोगिता के दौरान जिले में बने सरकारी स्कूलों में खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था जिला खेल विभाग की ओर से की जाती है। जिसमें कई बार खिलाड़ी रात के समय आते हैं और उन्हें स्कूल ढूंढने में काफी दिक्कत होती है। उन्हें खाने व पीने की भी दिक्कत रहती है।
खिलाड़ी रात के समय इधर-उधर घूमते हैं और अपने खाने का बंदोबस्त करते हैं। कई बार उनके स्कूल स्टेडियम से काफी दूर होते हैं, जिस कारण वह प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देरी से पहुंचते हैं। इसलिए खिलाड़ियों को अब किसी प्रकार की दिक्कत न हो उसके लिए हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है।
स्मार्ट सिटी के तहत खिलाड़ियों की बेहतर सुविधाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है। 2026 दिसंबर तक इस हॉस्टल के बनने की उम्मीद है। हॉस्टल बनने के बाद खिलाड़ियों को अन्य जगह रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- रणबीर सिंह रंगा, जिला खेल अधिकारी