माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नियम 134ए के तहत दाखिला प्रक्रिया जारी है। 18 फरवरी तक स्कूलों में दाखिले होने हैं। करीब दो माह से चल रही प्रक्रिया में अभी भी जिले के छह खंडों के 1250 विद्यार्थियों को दाखिले का इंतजार है। कई स्कूल संचालक मनमानी पर अड़े हैं। ऐसे में अभिभावक भी अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं। वहीं पिछले तीन दिन में 89 नए दाखिले हुए हैं।
जिले में कुल 3389 विद्यार्थियों ने पात्रता परीक्षा पास की थी। इनमें से अब तक 1426 विद्यार्थियों का दाखिला हो पाया है। 399 विद्यार्थियों के आवेदन स्कूलों ने खामी मिलने पर निरस्त कर दिए हैं। वहीं 314 विद्यार्थियों को दूसरे ड्रा में भी स्कूल आवंटित नहीं किए गए। ऐसे में 1250 विद्यार्थी अभी दाखिले के इंतजार में हैं। दूसरे चरण में 665 विद्यार्थियों को शामिल किया गया था लेकिन इनमें से 351 को ही स्कूल आवंटित हो पाए।
इधर अभिभावक सतीश, पंकज और विक्की का कहना है कि उनके बच्चों की पढ़ाई खराब हो रही है। उन अभिभावकों के लिए स्थिति ज्यादा चिंताजनक है, जिनके बच्चों को पात्रता परीक्षा पास करने के बाद भी स्कूल आवंटित नहीं हुआ। इसको लेकर वे शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी मिलेंगे।
जिन विद्यार्थियों को स्कूल आवंटित हुए हैं, उन्हें दाखिला जरूर मिलेगा। इसको लेकर स्कूल संचालकों को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। 18 फरवरी तक पोर्टल खुला है। 89 दाखिले दूसरे ड्रा की प्रक्रिया शुरू होने के बाद हुए हैं।
- रोहताश वर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी
जिन स्कूलों को अभी तक पिछली फीस का भुगतान नहीं हुआ है, ऐसे स्कूलों ने अभी तक दाखिले शुरू नहीं किए हैं। ज्यादातर स्कूल दाखिला दे रहे हैं। जांच में कई विद्यार्थियों के अभिभावकों की आय भी ज्यादा पाई जा रही है।
- डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल कांप्लेक्स