लोहड़ी मनाने दिल्ली गया था पुलिसकर्मी का परिवार, 30 तोला सोना और दो लाख की नकदी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
न्यू प्रेम कॉलोनी स्थित पुलिस कर्मचारी के घर से चोर लगभग दो लाख रुपये की नकदी और सोने के 30 तोले गहने चोरी कर ले गए। पुलिस कर्मचारी शनिवार को परिवार के साथ भाई की ससुराल दिल्ली में लोहड़ी मनाने के लिए गया हुआ था। फिलहाल पुलिस कर्मचारी संजीव वर्मा ने रामनगर चौकी में शिकायत दे दी है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
न्यू प्रेम कॉलोनी निवासी संजीव वर्मा ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस आवास निगम के एसई का ड्राइवर है और मधुबन पुलिस अकादमी में तैनात है। लोहड़ी पर्व पर वह परिवार के साथ दिल्ली गया हुआ था। रविवार को जब दोपहर एक बजे घर पहुंचा तो घर के बाहर ताला लगा हुआ था। जब उसने ताला खोला को अंदर अलमारी से कपड़े बाहर और सामान बिखरा हुआ मिला। जब उसने घर में जांच की तो घर से करीब दो लाख रुपये, 30 तोले सोने के गहने व जरूरी कागजात गायब मिले। इसकी शिकायत उसने तुरंत रामनगर चौकी में दी। इसके बाद पुलिस कर्मचारी वहां आए और कहा कि किसी सामान को हाथ मत लगाना, यहां के फिंगर प्रिंट लेने है। लेकिन रात तक कोई भी फिंगर प्रिंट लेने नहीं आया। चोर कूलर लगाने वाली खिड़की तोड़कर घर में घुसे हैं।
न्यू प्रेम कॉलोनी में चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच कर जांच की गई। जिन चीजों से फिंगर प्रिंट लेने है उन्हें अलग से रख दिया है और सुबह फिंगर प्रिंट उठाए जाएंगे। इसके लिए कर्मचारी को सूचित भी कर दिया है। -राजपाल, रामनगर चौकी प्रभारी।