करनाल। ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म हो चुके हैं और स्कूलों में दिन-प्रतिदिन छात्रों की तादात भी बढ़ने लगी है, लेकिन अभी तक छात्रों में छुट्टी की खुमारी छाई हुई है। कक्षाओं में पढ़ाई के नाम पर अभी छात्रों के बीच छुट्टियों की गपशप चल रही है। शिक्षा विभाग ने अब छात्रों के बीच छाई इस खुमारी को उतरने की तैयारी कर ली है। विभाग ने मासिक और अर्ध वार्षिक परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है। मासिक परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू होंगी, जबकि 20 सितंबर से अर्ध वार्षिक परीक्षाएं होंगी। विभाग द्वारा इतनी जल्दी परीक्षाओं की तिथि घोषित करने पर जहां शिक्षक आश्चर्य जता रहे हैं, वहीं शिक्षा अधिकारियों का मानना है कि स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से विभाग ने इस बार ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होते ही परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है ताकि समय रहते विद्यार्थी और अध्यापक अपनी तैयारियां शुरू कर दें।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थियों की अर्ध वार्षिक परीक्षाएं 20 सितंबर से शुरू होंगी। प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में ये परीक्षाएं 20 सितंबर से शुरू होकर 29 सितंबर तक चलेंगी। वहीं परीक्षा के दौरान नकल न हो, इसकी भी विभाग अभी से तैयारी कर रहा है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस बार परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए नई योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिसमें कड़े प्रावधान किए जाएंगे। शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में गिरते शिक्षा के स्तर से परेशान है, जिसके कारण इसबार स्कूलों में नई तरह की सख्ती देखने को मिलेगी।
विभाग के निर्देश आ चुके हैं
24 जुलाई से मासिक परीक्षाएं शुरू होंगी, जबकि 20 सितंबर से परीक्षाएं शुरू करवा दी जाएंगी। हमेशा की तरह इस बार भी नकल रहित परीक्षाएं हमारी प्राथमिकताएं होंगी। मंथली एग्जाम के लिए तो डेटशीट भी जारी कर दी गई है।
- निर्मला तनेजा, जिला शिक्षा अधिकारी।