संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ‘एग्रीकल्चर ही कल्चर’ से पहचाने जाने वाले राज्य के कृषि विभाग में ही कृषि विकास अधिकारियों का टोटा है। करनाल स्थित कृषि उपनिदेशक कार्यालय में विभिन्न वर्गों के कुल 145 स्वीकृत पदों में 95 पद रिक्त हैं। इनमें कृषि विकास अधिकारी (एडीओ) के 34 पद स्वीकृत हैं, इनमें से 10 पदों पर एडीओ तैनात हैं और शेष 24 पद रिक्त हैं।
इस वजह से किसानों को जल, मृदा और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने की मुहिम कमजोर पड़ रही है। सरकार की ओर से धान रोपाई के लिए 15 जून की तिथि निर्धारित है। कुंजपुरा, इंद्री व नीलोखेड़ी खंड में बड़े स्तर पर किसानों ने भूजल का इस्तेमाल कर धान की रोपाई कर डाली। प्रतीत होता है कि उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था। जिले का भूजल स्तर भी गिरता जा रहा है। दूसरी ओर कृषि अधिकारियों की कमी के कारण बीते सीजन में गन्ने की फसल को चोटीबेधक कीट ने जबरदस्त क्षति पहुंचाई। इसके अलावा फसलोत्पादन में रसायन के संतुलित इस्तेमाल को लेकर जागरूकता की कमी है। जहर के अंश मिलने के कारण ही विदेशों में हमारा चावल अस्वीकृत हो जाता है। हालात यह हैं कि पुराना जीटी रोड पर महात्मा गांधी चौक के समीप स्थित विभागीय कार्यालय की सुरक्षा का जिम्मा मात्र एक चौकीदार के हवाले है।
फील्डमैन के 40 और स्टेनो टाइपिस्ट के सभी पद रिक्त
क्लर्क श्रेणी के 12 पदों में से दो पद भरे हुए हैं, शेष 10 पदों पर रिक्तियां बनी हैं। फील्डमैन के 60 पद मंजूर हैं। इनमें से 20 पद भरे हैं। 40 पद खाली हैं। स्टेनो टाइपिस्ट के चार पद स्वीकृत हैं, ये सभी पद रिक्त हैं। एकाउंटेंट के दो, तकनीकी सहायक का एक पद रिक्त है। दफ्तरी व स्वीपर कम चौकीदार के एक-एक पद स्वीकृत हैं, लेकिन ये दोनों पद खाली हैं।
अधिकारियों पर काम का दबाव
कृषि विभाग में सभी कार्य समयबद्ध होते हैं। एक अधिकारी को कई काम करने पड़ते हैं। जिस कारण उस पर दबाव बना रहता है। विभाग में कर्मचारियों की कमी है। सुपरवाइजर के कार्य का निरीक्षण भी एडीओ को करना पड़ता है। बाद में कार्य का सत्यापन करना होता है। सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जल्द प्रदेश में एडीओ के 600 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
- डॉ. विक्रम सिंह, पूर्व प्रधान, एडीओ एसोसिएशन, करनाल
--
एडीओ फार्म इंप्लीमेंट के 20 पदों पर आवेदन मांगे
करनाल। हरियाणा लोक सेवा आयोग ने कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में 20 पदों पर कृषि विकास अधिकारी फार्म इंप्लीमेंट की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। 25 मई को नोटिफिकेशन और 27 मई से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 16 जून तक आवेदन कर सकते हैं। इनमें से 11 पद अनारक्षित और शेष नौ पद विभिन्न आरक्षित वर्गों के लिए हैं। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए उम्मीदवार को मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या उच्च शिक्षा संस्थान से कृषि में स्नातक होना चाहिए।