करनाल। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा विभाग ने सेनेटरी नैपकिन वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करनाल के सरकारी स्कूलों में 64 हजार 68 सेनेटरी नैपकिन वितरित किए जाएंगे। दिसंबर माह तक छात्राओं को पैड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। छात्राओं को पैड उपलब्ध कराने के बाद इस्तेमाल किए गए पैड का निस्तारण कैसे होगा, इस बारे में कोई व्यवस्था नहीं है।
जिले में 178 के करीब सरकारी स्कूल हैं। इनमें से कई विद्यालयों में पहले से लगी सेनेटरी नैपकिन डिस्पोजल मशीनें रखरखाव के अभाव में खराब पड़ी हैं। ऐसे में छात्राओं को पैड तो उपलब्ध कराए जा रहे हैं लेकिन उनके सुरक्षित निस्तारण के इंतजाम नहीं हैं। विभाग का कहना है कि मशीनों का रखरखाव या मशीनों को लगवाना इसकी जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
-लैब टेस्टिंग के बाद स्कूलों में पहुंचाए पैड
जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से सेनेटरी पैड वितरण का आदेश जारी होने के बाद सभी संबंधित स्कूलों में पैड वितरित किए जा चुके हैं। वितरण से पहले पैड की लैब टेस्टिंग करवाई जाती है, ताकि छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। हर तीन माह में विभाग की ओर से सभी स्कूलों में वितरित किए जाते हैं जिसे मौके पर जाकर भी वितरण प्रबंधन की जांच भी की जाती है।
कुछ माह पहले वेंडर नाम की कंपनी को 50 स्कूलों की सूची दी गई जिसमें मशीनें खराब हैं या नई मशीनें लगवानी हैं। कंपनी में दो से तीन बार मशीनों के बारे में पूछा जा सका है लेकिन उनकी तरफ से कोई भी जवाब अभी तक नहीं आया। ऐसे में विभाग की ओर से मशीनों को लगवाने या उन्हें ठीक करवाने की कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई जिस कारण कोई रिकॉर्ड विभाग के पास नहीं हैं।- सुमित मान, डीएमएस परियोजना नोडल अधिकारी