अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव अंधेड़ा के समीप एक ट्रक चालक ने तेज गति से अपने आगे जा रहे कैंटर से ट्रक आगे निकाल लिया और ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहे कैंटर की उस ट्रक से जबरदस्त टक्कर हो गई और कंडक्टर सीट पर बैठा ड्राइवर फंस गया। कड़ी मेहनत के बाद घायल ड्राइवर को कैंटर से निकाला, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान ड्राइवर ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बडोदी जिला कुरुक्षेत्र निवासी सुनील ने बताया कि वह रमेश का कैंटर चलाता है। बाबैन कुरुक्षेत्र से उसने कैंटर में आलू भरे और यूपी की ओर चल पड़ा। उसके साथ बडशामी निवासी रघुबीर सिंह उसके कैंटर में कंडक्टर साइड बैठा हुआ था। जब वह अंधेड़ा गांव के समीप पहुंचा तो पीछे से एक ट्रक चालक तेज रफ्तार में आया और उनसे आगे निकल गया और आगे जाकर ब्रेक लगा दिए। इस कारण उसका कैंटर उस ट्रक से टकरा गया और रघुबीर को गंभीर चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।