अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। डेरा सदरपुर में रविवार की रात 32 वर्षीय संदीप के मौत मामले में पुलिस ने मृतक के ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में दो पुरुष व तीन महिलाएं शामिल हैं। इस मामले को लेकर मृतक के भतीजे सैंकी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक के भतीजे सैंकी ने पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक उसके चाचा संदीप की उसकी पत्नी रजनी के साथ एक सप्ताह पहले कहासुनी हो गई थी। इसके बारे में उसकी पत्नी ने अपने मायके वालों को इसकी जानकारी दी थी। बीते शुक्रवार को संदीप के ससुराल पक्ष के तीन महिलाओं सहित पांच लोगों ने गांव के अड्डे पर संदीप के साथ मारपीट की। मारपीट के कारण संदीप के पेट काफी गुम चोटें लगी। इस वजह से वह पिछले दो दिनों से बीमार चल रहा था। रविवार सुबह अचानक ही संदीप की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इलाज के लिए उसे करनाल के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां से वह दवाई लेकर वापस गांव में लौट आया, लेकिन दोबारा अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और देर शाम उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक संदीप के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया था। पुलिस ने सैंकी की शिकायत पर मृतक के साले रमेश, सतीश, महिला बाला व दो अन्य महिलाओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस बारे में थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के भतीजे सैंकी की शिकायत पर मृतक के साले रमेश, सतीश, महिला बाला व दो अन्य महिलाओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।