अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर कौन बनेगा लखपति प्रतियोगिता 16 सितंबर से आयोजित की जाएगी, जो नवंबर तक चलेगी। यह प्रतियोगिता स्कूल लेवल से शुरू होगी, फिर ब्लॉक स्तर पर, जिला स्तर पर और फिर राज्य स्तर पर होगी। इस प्रतियोगिता में केबीसी की तरह ही प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके चार ऑप्शन होंगे। इन प्रतियोगिताओं में हिंदी, गणित, परिवेश अध्ययन, अंग्रेजी, विज्ञान, सामान्य ज्ञान व ताजा घटनाक्रम के मामलों पर ऑनलाइन प्रश्न बैंक की हेल्प से प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। खंड स्तर की सभी प्रतियोगिताएं कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर सॉफ्टवेयर से प्रोजेक्टर पर आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में तीसरी से पांचवी, छठी से आठवीं, नौवीं से दसवीं की टीमें बनाई जाएंगी। इस प्रतियोगिता का इनाम 80 प्रतिशत विद्यालय को और 20 प्रतिशत विद्यार्थियों को दिया जाएगा। स्कूल को दिए गया 80 प्रतिशत स्कूल के विकास कार्य पर खर्च होंगे। इस प्रतियोगिता में कक्षा तीसरी से पांचवीं, छठी से आठवीं व नौवीं से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की टीम बनाई जाएगी।
केबीसी की तर्ज पर मिलेंगी चार लाइफ लाइन
प्रतियोगिता पूरी तरह केबीसी की तर्ज पर होगी। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय पूछे जाएंगे। हर प्रश्न के उत्तर के तौर पर चार विकल्प होंगे। इस दौरान टीम के सदस्यों को चार लाइफ लाइन भी मिलेंगी। इसमें जोड़ीदार, फिफ्टी-फिफ्टी, फोन ए फ्रैंड और एक्सपर्ट राय शामिल रहेगी। विभाग की ओर से इसके लिए बकायदा प्रश्न बैंक भी जारी किया गया है।
30 सेकेंड में देना होगा जवाब, सही जवाब पर मिलेंगे दस अंक
प्रतियोगिता टीमों की संख्या छह से ज्यादा होगी तो एक स्क्रीनिंग टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 25 प्रश्न पूछे जाएंगे टॉप छह टीम मुख्य राउंड में प्रतिभागी बनेंगी। प्रत्येक टीम को 30 सेकेंड में प्रश्न का जवाब देना होगा, रैपिड फायर राउंड में अधिकतम दस प्रशन पूछे जाएंगे, जिनका समय 60 सेकेंड का होगा। एक प्रश्न का सही जवाब देने पर टीम को दस अंक मिलेंगे। यदि टीम में एक भी सदस्य ने पहले जवाब दे दिया तो वही माना जाएगा।
ये मिलेगी इनामी राशि
जिला स्तर
प्रथम स्थान 31 हजार रुपये।
द्वितीय स्थान 21 हजार।
तृतीय स्थान 11 हजार।
राज्य स्तर
प्रथम स्थान 1 लाख 1 हजार।
द्वितीय स्थान 51 हजार।
तृतीय स्थान 31 हजार।
..............................................................
इन तारीखों में होगी प्रतियोगिता
- विद्यालय स्तर पर - 16 से 18 सितंबर तक।
- खंड स्तर पर - 5 से 10 अक्तूबर तक।
- जिला स्तर पर - 27 से 28 अक्तूबर तक।
- प्रदेश स्तर पर - अक्तूबर से नवंबर तक।
......................................................
सभी सरकारी स्कूलों में गठित क्विज क्लब के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 16 सितंबर से कराई जा रही है। इसके लिए सभी बीईओ व स्कूल मुखिया को निर्देश जारी कर दिए हैं। यह प्रतियोगिता कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर होगी।
-ईश्वर सिंह मान, डीईओ, करनाल।