माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए नगर निगम ने रविवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाते हुए कर्ण गेट मार्केट समेत कई स्थानों पर रेहड़ी-फड़ी वालों और दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान निगम की प्रवर्तन टीम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 52 दुकानों और रेहड़ी-फड़ी का सामान जब्त किया।
इस कार्रवाई से कर्ण गेट मार्केट में 15 वर्षों से संडे बाजार लगाने वाले करीब 200 परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है। इन छोटे दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि निगम ने पहले रोजगार का भरोसा दिलाया बाद में इसे हटवाने पहुंच गए।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि कर्ण गेट मार्केट में संडे बाजार न लगाने के निर्देश पहले ही दिए गए थे, साथ ही बीते दिनों से लगातार मुनादी करवा इसकी जानकारी भी दी जा रही थी। इसके बावजूद, कुछ लोगों ने रेहड़ी-फड़ी लगाई, जिनका सामान जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना और आमजन को सुगम यातायात व स्वच्छ वातावरण देना है।
नगर निगम की कार्रवाई से बाजार खुला-खुला नजर आया और वहां आने वाले ग्राहकों व वाहन चालकों को जाम से राहत मिली। इस अभियान के तहत कलंदरी गेट, महाराणा प्रताप चौक, मीरा घाटी चौक, कुंजपुरा रोड, मेरठ रोड, अस्पताल चौक, कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रोड और विर्क अस्पताल रोड आदि क्षेत्रों में भी सड़कों पर अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान जारी रहेगा ः नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि सड़कों और बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों और पथ विक्रेताओं से अपील की कि वे निर्धारित स्थान पर ही दुकान और रेहड़ी लगाएं। कार्रवाई के दौरान टीमें दुकानदारों का सामान जब्त कर टैंपो में भरकर ले गईं। वहीं कई दुकानदारों को नोटिस दिया गया है।