संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिलेभर के 57 पटवारियों व 17 कानूनगो की हड़ताल को 17 दिन हो गए है। पटवारियों की हड़ताल तीन जनवरी से पहले चरण से शुरू होकर 19 जनवरी को छठे चरण में पहुंच गई है। इस कारण से जिले की सभी आठ तहसीलों में 4332 रजिस्ट्रियां व 543 रिहायशी प्रमाण-पत्रों की फाइलों का काम अटक गया है। राजस्व विभाग के आला अधिकारियों को उपायुक्त ने बैठक लेकर सेवा के अधिकार अधिनियम के तहत लोगों के कार्य समय पर करने के लिए चेताया। बावजूद इसके सभी तहसीलों में लोगों के काम ठप पड़े है।
पटवारियों का कहना है कि जब तक सरकार 2023 में जारी अधिसूचना में संशोधन नहीं करती वह राज्यकार्यकारिणी के आदेशानुसार राज्यव्यापी हड़ताल जारी रखेंगे। रोजाना की हड़ताल से लोगों के सब्र का इम्तिहान अब टूटने लगा है। मेधावी छात्र योजना की अंतिम तारीख 31 जनवरी है जिसमें रिहायशी प्रमाण-पत्र की आवश्यकता होती है। यदि समय पर डोमोसेल की फाइल पर पटवारी के हस्ताक्षर नहीं हुए तो जिले के सैंकड़ों युवाओं को सरकार की इस योजना से वंचित होना पडेगा।
दनियालपुर निवासी सुनील ने बताया कि वह अपने बेटे के रिहायशी प्रमाण-पत्र की फाइल को पटवारी के हस्ताक्षर के लिए रोजाना पटवारखाने में जाते है लेकिन पिछले 10 दिन से पटवारी के हस्ताक्षर नहीं हो पा रहे है। रायसन गांव निवासी राजेश ने बताया कि वह अपने मकान की रजिस्ट्री के लिए रोजाना नीलोखेड़ी पटवारखाने का चक्कर लगा रहे है वहां ताला लटका देखकर मायूस ही लौटना पड़ रहा है।
पटवारी की राज्यव्यापी हड़ताल से लोगों अपने रिहायशी मकानों व दुकानों की रजिस्ट्रियां करवाने के लिए भटकना पड़ रहा है। सरकार की ओर से जाति प्रमाण-पत्र तथा आय प्रमाण-पत्र सरल वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन कर दिए गए है जिनमें पटवारी के हस्ताक्षर की आवश्यकता नहीं होती। अब केवल रिहायशी प्रमाण-पत्र के लिए लोगों को पटवारखाने के चक्कर लगाने पड़ रहे है। इस कारण से रिहायशी प्रमाण-पत्र की फाइलें भी पटवारी के हस्ताक्षर के बिना अटकी हुई है।
लघु सचिवालय के बाहर धरना जारी, सौंपा ज्ञापन
दी राजस्व पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन का धरना पांचवें चरण के अंतिम दिन जारी रहा। सर्व कर्मचारी संघ आह्वान पर पूरे प्रदेशभर में पटवारियों का धरना जारी है। शुक्रवार को सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान सुशील गुर्जर ने पटवारियों का समर्थन करते तहसीलदार को हरियाणा सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के प्रैस प्रवक्ता धीरज सेठी ने बताया कि आगामी तीन दिन सोमवार तक पटवारियों का धरना स्थगित रहेगा। छठे चरण में धरना 23 से 25 जनवरी तक जारी रहेगा। इस अवसर पर नीरज हुड्डा, राजेश कुमार, प्रवीण कुमार, पाला राम, रविन्द्र राणा, बंटी नरवाल, रणबीर सिंह, विनोद कुमार, मौजूद रहे।