फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: मात्र आठ स्कूलों के 42 जर्जर कमरे गिराए, 100 स्कूलों में खतरे में जान

विज्ञापन
विज्ञापन
गगन तलवार
विज्ञापन


करनाल। शिक्षा विभाग व इंजीनियरिंग अधिकारियों की लापरवाही के कारण जिले के 100 राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी खतरे के साये में पढ़ाई कर रहे हैं। राजस्थान के विद्यालय की छत गिरने के बाद जिले के शिक्षा अधिकारियों ने दो माह में सभी जर्जर कमरों को गिराने और नए बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया था लेकिन इस अवधि में शिक्षा विभाग महज आठ स्कूलों के जर्जर 42 कमरों को गिरा पाया। अन्य विद्यालयों में अभी भी 354 कक्षाएं खस्ता हालत में हैं।
विदित हो कि राजस्थान में स्कूल में कमरे की छत गिरने से बच्चों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद अमर उजाला ने ‘कैसी है पाठशाला’ टैगलाइन से स्कूलों के हालात उजागर किए थे। इसके बाद शिक्षा विभाग ने सर्वे कराया तो जिले के 108 राजकीय विद्यालयों में 412 कमरे और हॉल जर्जर हालत में मिले। उच्चाधिकारियों की सख्ती के बाद स्थानीय अधिकारियों ने इन्हें दो माह में गिराने और नए बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया था। अब तक विभाग 100 विद्यालयों के कमरे तोड़ने के लिए बोली तक भी नहीं लगा सका है। ऐसे में इन विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के सिर पर खतरा बरकरार है। वहीं जिन स्कूलों के 42 कमरों को गिराया गया है, उनके नवनिर्माण का कार्य दिवाली के बाद शुरू होने की उम्मीद है। विभाग ने केवल कुछ स्कूलों के भवनों के निर्माण के लिए ही बजट जारी किया है।
विज्ञापन


इन विद्यालयों के 42 कमरे गिराए

जिले में आठ विद्यालयों के 42 कमरे गिराए गए हैं। इनमें राजकीय प्राथमिक पाठशाला भादसों के पांच, सैयदछपरा स्कूल के पांच, राजकीय माध्यमिक विद्यालय शेखपुरा बांगड़ का एक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खानपुर के सात, खेड़ीमान सिंह विद्यालय के 12, भादसों विद्यालय के पांच और कलामपुरा विद्यालय के सात कमरे शामिल हैं। अब यहां नए कमरे बनाए जाएंगे।


तीन स्कूलों का पूरा भवन जर्जर, किताब से ज्यादा छत पर निगाह
जिले में अब्दूलापुर, कलामपुरा और बुढ़ेड़ा का पूरा स्कूल भवन जर्जर है। नया भवन बनाया जाना है। ये सभी स्कूल वर्ष 1990 से पहले के बने हुए हैं। हालत यह है कि हाथ लगते ही दीवारों का प्लास्टर गिर जाता है। पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों की किताबों के बजाय छत की तरफ ज्यादा निगाहें रहती हैं। छत से सीमेंट गिरता है, पढ़ते-पढ़ते ही किताब के पन्नों पर धूल जम जाती है। ऐसा कोई दिन नहीं, जब पढ़ते हुए विद्यार्थियों पर कहीं प्लास्टर नहीं गिरे। छत के सरिये भी दिखने लगे हैं। सीलन के कारण दीवारों से बदबू आती है।



असंध में सर्वाधिक कमरे जर्जर

खंड
स्कूल
जर्जर कमरे

असंध
45
142

निसिंग
16
89

इंद्री
11
61

नीलोखेड़ी
12
57

करनाल
18
50

घरौंडा
06
15


बोली न होने की वजह नहीं बता पाए एसडीई

शिक्षा विभाग के एसडीई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 42 जर्जर कमरे तोड़े गए हैं। अन्य 100 स्कूलों के 354 कमरे और तोड़े जाने हैं। लेकिन अभी तक इन्हें तोड़ने की प्रक्रिया क्यों नहीं शुरू हो पाई, इसका उनके पास कोई जवाब नहीं था। नए कमरे बनाने का काम कब शुरू होगा, इसके बारे में भी वह स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए। हालांकि दिवाली के बाद काम शुरू होने का दावा जरूर कर रहे हैं।
विज्ञापन


विभाग के निर्देश पर आठ स्कूलों के जर्जर कमरे गिरा दिए गए हैं। इनकी जगह नए कमरे बनाए जाएंगे। अन्य स्कूलों में भी जर्जर भवन तोड़ने के लिए प्रक्रिया चल रही है। इन्हें बोली आयोजित करने के बाद ही तोड़ा जाएगा। इसे लेकर विभाग के एसडीई से भी जवाब मांगा जाएगा। - सुदेश ठुकराल, जिला शिक्षा अधिकारी


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें