अवैध पोस्टर-बैनर हटाने की मांग को युवा मंच ने सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा।
शहर के सौंदर्यीकरण में बाधा बने अवैध बैनर और होर्डिंग हटाने की मांग के लिए युवा बोलेगा मंच ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और शहर में जगह-जगह पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे युवा बोलेगा मंच संरक्षक योगेंद्र शर्मा, शेरू विग, वेदप्रकाश सेठी, आत्मजीत मान, विशाल सैनी, पारस अरोड़ा, भूपेंद्र यादव, प्रवीण वर्मा आदि ने एसडीएम मो. इमरान रजा को बताया कि शहर में बधाई संदेशों के पोस्टरों व बैनरों को लेकर नेताओं और जनप्रतिनिधियों में एक होड़-सी मच हुई है। ओवरब्रिज की दीवारों पर सैकड़ों पोस्टर लगाए गए है। साथ ही, खंभों और दीवारों पर बैनर लटकाने में भी कोई कसर नही छोड़ी गई है। युवा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को बताया कि अभी तो नववर्ष, लोहड़ी और मकर संक्रांति के ही बैनर व पोस्टर शहर का सौंदर्यीकरण में बाधा बने हैं। अभी तो राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस भी आ रहा है। जिसमें जनप्रतिनिधि और नेता लोगों को बधाई देने के लिए पोस्टर और बैनरों को दीवारों और खंभों पर चिपकाएंगे।
मंच के कार्यकर्ताओं ने उपमंडलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पोस्टर और बैनर चिपकाने के लिए एक स्थान निश्चित किया जाए। यदि कोई निश्चित स्थान से अलग जगह पोस्टर चिपकाता है तो पोस्टर या बैनर पर मौजूद नंबर के आधार पर चालान काटा जाए और चालान उक्त व्यक्ति के घर भेजा जाए। साथ ही सख्त कार्रवाई की जाए। जानकारी मुताबिक एसडीएम मोहम्मद इमरान ने मंच के कार्यकर्ताओं को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।