सीएम के गढ़ में रणदीप सुरजेवाला को किया सीएम प्रोजेक्ट
सोमदत्त शर्मा
करनाल। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के गढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व कैथल के विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला को बतौर अगला सीएम प्रोजेक्ट किया गया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के जन्मदिवस पर करनाल की नई अनाज मंडी में हुई किसान-नौजवान अधिकार दिवस रैली में समर्थकों ने रणदीप को अगला सीएम करार दिया, वहीं मंच से हर नेता ने सुरजेवाला को भावी सीएम कहकर संबोधित किया। वहीं, सुरजेवाला ने भी समर्थकों को नाराज नहीं किया। सुरजेवाला ने कहा कि सत्ता की गली जीटी बेल्ट से होकर गुजरेगी, इस बार सत्ता उत्तरी हरियाणा की दहलीज पर लाई जाएगी।
रविवार को कर्ण नगरी की धरती पर हुई इस रैली में हजारों की संख्या में पहुंचें समर्थकों और खचाखच भरे पंडाल को देखकर रणदीप सुरजेवाला भी पूरे जोश में नजर आए। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव वीरेंद्र सिंह राठौड़, सुरेश मतलौडा व नाहर सिंह संधु द्वारा आयोजित इस रैली में हर वक्ता ने सुरजेवाला को प्रदेश का भावी सीएम बताया। यूथ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र राठौड़ ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में एक ही ऐसा नेता है, जिस पर कोई दाग नहीं है और जो पूरी कांग्रेस को एकजुट कर प्रदेश में सत्ता ला सकता है। राठौड़ ने प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा का नाम लिए बिना जमकर हमले किये। साथ ही उन्होंने हुड्डा के बीजेपी में जाने को लेकर भी चेताया कि कांग्रेस किसी के दबाव में आने वाली नहीं है, जिसको पार्टी से जाना है जा सकता है। हालांकि, रणदीप सुरजेवाला ने केवल प्रदेश के सीएम मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रोहतक से करनाल आकर विधानसभा में जाने वाले व सीएम बनने वाले मनोहर लाल करनाल के लोगों के साथ धोखा किया है। करनाल के लोगों को न्याय दिलाने के लिए वे लड़ाई लड़ेंगे और इसे अंजाम तक पहुंचाएंगे। मंच से सुरजेवाला ने कहा कि इस बार तो केवल करनाल का नाम सीएम सिटी हुआ है। करनाल सड़कें टूटी पड़ी है और लाइटें बंद, कैथल की तरह करनाल का भी विकास हम कराएंगे। जब सीएम को लेकर सुरजेवाला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह फैसला हाईकमान करती है, कांग्रेस में हर कार्यकर्ता अपनी बात रख सकता है।
पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक हुए शामिल, हुड्डा गुट ने बनाई दूरी
रणदीप सुरजेवाला ने सीएम सिटी में एक तरह से शक्ति प्रदर्शन किया। इसमें कई पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक शामिल हुए। इनमें एसी चौधरी, बच्चन सिंह आर्य, अनिल धंतौड़ी, फूल सिंह खेड़ी, दीवान सिंह, वीरेंद्र सिंह शाह, संजय छोक्कर, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, रणवीर मान समेत अन्य कांग्रेसी नेता शामिल रहे। हालांकि, इनके अलावा कांग्रेस के हुड्डा गुट के नेताओं ने इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। खास बाता यह है कि रैली में किसी भी बोर्ड पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी को छोड़कर हुड्डा व किसी अन्य नेता के फोटो नहीं थे। प्रेस पर हमला, विधायक की गुंडागर्दी : सुरजेवाला
असंध में चार दिन पहले करीब 200 युवकों द्वारा सरेआम बाजारों को बंद कराना और दुकानदारों व पत्रकारों के साथ मारपीट करने पर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार काम तो किसी के कर नहीं रहे है। अब भाजपा के विधायक गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। सच्चाई दिखाने वाले पत्रकारों पर हमला कराना भाजपा व विधायक का ओच्छापन है, क्योंकि ये लोग सच्चाई का सामना नहीं कर सकते। ऐसे विधायक व ऐसे शरारती युवकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस पत्रकारों के साथ है और किसी भी प्रकार की ज्यादती नहीं होने दी जाएगी।