जिले के गांव संधीर के युवक सोमपाल को अमेरिका भेजने की नाम पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोप कुरुक्षेत्र के एजेंट प्रेम सैनी पर है। आरोपी ने युवक को पनामा तक भेजकर ओर रुपये की मांग की। जब परिवार ने ओर रुपये नहीं दिए तो आरोपी ने उसे वापस भारत बुला लिया।
शिकायतकर्ता ने अपने रुपये वापस मांगे या फिर दोबारा से अमेरिका भेजने की बात कही तो आरोपी ने साफ मना कर दिया। जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर बुटाना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित इमीग्रेशन एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
संधीर गांव निवासी सोमपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में वह अमेरिका जाना चाहते थे। अमेरिका भेजने को लेकर उनकी बात कुरुक्षेत्र के गोविंदगढ़ गांव निवासी प्रेम सैनी से हुई। आरोपी ने उन्हें 40 लाख रुपये में अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया। आरोपी ने पहले ही रुपये देने के बात कहते हुए उनसे जाने से पहले ही 40 लाख रुपये की राशि ले ली थी। इसके बाद आरोपी ने उसे विभिन्न देशों से होते हुए पनामा के जंगलों तक भेज दिया। आरोपी प्रेम सैनी ने उनके परिवार के लोगों पर और रुपये देने के लिए दबाव बनाया। आरोपी ने परिवार को कहा कि अगर ओर रुपये नहीं दिए तो तुम्हारा बच्चा जंगल में ही रहेगा, उसे आगे नहीं भेजा जाएगा। रुपये नहीं दिए तो उसे वापस भेज दिया गया।
संधीर के अनुसार 40 लाख रुपये की राशि कुरुक्षेत्र के समसीपुर गांव निवासी भगत विक्रम पाल ने आरोपी को दिलाए थे। आरोपी का जानकार अमीन गांव निवासी अंकित अब उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। बुटाना थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि उन्होंने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और इमीग्रेशन एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।