शहर के विकास के मुद्दों पर बुधवार को पंचायत भवन में नगर निगम के हाउस की बैठक हुई। इसमें प्रस्तावित सभी 40 मुद्दों पर पार्षदों ने अपनी मोहर लगाकर पारित कर दिया। वहीं पिछली बैठकों में पारित एजेंडों पर काम न होने पर पार्षदों ने रोष प्रकट किया।
बैठक में कुत्तों की नसबंदी कराने और बंदरों को पकड़ने पर खर्च हुए करीब 70 लाख रुपये पर जमकर हंगामा हुआ। कई पार्षदों ने मामले की विजिलेंस जांच करवाने की भी मांग की है। बाद में पार्षदों द्वारा कुत्तों की नसबंदी प्रक्रिया को जारी रखने की भी अनुमति दी गई।
बैठक में शहर में हो रहे विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने व गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग के एजेंडा भी मंजूरी दे दी है। इसके तहत अब शहर के विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए आउट सोर्सिंग आधार पर टेक्रीकल कमेटी हायर की जाएगी। जो शहर में हो रहे विकास कार्यों पर निगरानी करेगी तथा कमेटी के रिपोर्ट के आधार पर निगम ठेकेदारों को रुपये की अदायगी करेगा। इसके अलावा बैठक में शहर की 28 सड़कों को व्यवसायिक घोषित किया गया है। अब उन सड़कों पर रिहायशी प्लॉटों के कामर्शियल प्रयोग पर कामर्शियल टैक्स की ही वसूली की जाएगी।
बैठक में इन मुद्दों पर पार्षदों ने लगाई मोहर
- डेयरी प्रोजेक्ट के साथ बायोगैस प्लांट पर भी पार्षदों ने अपनी मोहर लगा दी है। निगम द्वारा तीन करोड़ की लागत से डेयरी प्रोजेक्ट के साथ एक बायोगैस प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए निगम द्वारा तीन माह में प्लॉटों के आवंटन के साथ शहर की रिहायशी कॉलोनियों से पिंगली रोड पर डेयरी शिफ्ट होंगी।
- इफ्युलेंट ट्रीटमेंट प्लांट न होने की वजह से बंद पड़े स्लाटर हाउस को भी पार्षदों ने चालू करने के लिए अपनी सहमति जताई है। स्लाटर हाउस से निकलने वाले ठोस व तरल पदार्थ को डीजल में कन्वर्ट किया जाएगा।
- शहर में होने वाले विकास कार्यों के लिए थर्ड पार्टी मॉनीटरिंग होगी। इसमें आउट सोर्सिंग के आधार पर बाहर से टेकिभनकल टीमें हायर की जाएंगी। जो शहर हो रहे विकास कार्यों की जांच करेंगी। टीमों की रिपोर्ट के आधार पर ही ठेकेदारों को रुपये की अदायगी की जाएगी।
- अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए नगर निगम सात फरवरी सर्वे रिपोर्ट सरकार को भेजेगा। सरकार की घोषणा के मुताबिक नियमित की गई शहर की 66 कॉलोनियों में विकास कार्य करवाए जाएंगे।
- फूसगढ़ में नवनिर्मित गोधाम व नंदीग्राम में की देखरेख के लिए प्रोटेक्शन कमेटी का गठन किया जाएगा तथा गोधाम में पशुओं के चारा व भूसा पर खर्च होने वाली राशि को शहरवासियों से समाजसेवियों से इकट्ठा किया जाएगा। जिसका पूरा विवरण प्रोटेक्शन कमेटी की पास होगा।
- शहर के आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी करवाने की योजना को जारी रखने के फैसले पर सभी पार्षदों ने अपनी सहमति जताई है। हालांकि पार्षदों ने अब कुत्तों के पकड़ने के नाम पर खर्च हुए 40 लाख रुपये के फैसले पर जमकर हंगामा किया। लेकिन इस प्रक्रिया को जारी रखने पर पार्षदों ने अपनी सहमति जताई है। इसके अलावा नगर निगम दाहा जागीर गांव में आवारा कुत्तों के लिए एक शेल्टर होम भी बनाया जाएगा। इसमें पांच सौ निसहाय कुत्तों रखने की व्यवस्था की जाएगी।
- शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत भागीदारी योजना की शुरुआत की जाएगी। इसमें सभी वार्डों में कूड़ा घर-घर व गीले व सूखे कचरे का अलग अलग निस्तारण करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
- सेक्टर-12 में प्रस्तावित नगर निगम कार्यालय के नए भवन के निर्माण की देखरेख के लिए पार्षदों की अध्यक्षता में एक निगरानी कमेटी बनाई जाएगी। जिनकी देखरेख में निगम के भवन का निर्माण कराया जाएगा।
- नगर निगम के अंतर्गत आने वाली शहर के पार्कों की देखरेख की जिम्मेवारी स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को दी जाएगी। इसके लिए निगम सोसायटी को तीन रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से मेंटेनेंस चार्ज दिया जाएगा। वहीं छोटी पार्कों के लिए पांच हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
- बिजली बिल की अदायगी न होने पर बंद पड़े सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को चालू करने के लिए नगर निगम द्वारा हाइड्रा एयर टेक्टोनिक्स कंपनी को 8.66 लाख रुपये के बिजली बिल का लोन देने की अनुमति दी है। इसकी एवज में निगम द्वारा बकाया राशि जमा न करवाने तक खाद न उठाने के निर्देश दिए हैं।
- व्यवसायिक भवन निर्माण के नक्शे के संबंध में एक निगरानी कमेटी का गठन किया जाएगा। इसमें सभी पार्षदों को शामिल किया जाएगा।
- नगर सुधार मंडल सैल का स्टाफ अब नगर निगम के अधीन काम करेगा।
- शहर में दुकानों और घरों के सामने बने थड़ों को हटाया जाएगा। इसके लिए निगम विशेष टीम का गठन करेगा। जो पूरे शहर में निगम की जमीन पर हुए अवैध कब्जे हटवाएगी।
- नगर निगम में सम्मलित 15 गांवों में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इस काम की जिम्मेवारी जनस्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई है। विभाग द्वारा जल्द ही इन गांवों में सीवरेज लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा।
- कलंदरी गेट से अर्जुन गेट तक सड़क के दोनों तरफ बरसाती पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण करवाया जाएगा।
- मंगलपुर गांव में बच्चों के लिए एक कंप्यूटर सेंटर व लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इसके अलावा शहर के अन्य वार्डों में जगह पर जरुरत के अनुसार कंप्यूटर सेंटर व लाइब्रेरी की व्यवस्था के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।
- मंगलपुर चौक अब अहिल्याबाई होल्कर चौक के नाम से जाना जाएगा। वार्ड वासियों की डिमांड पर निगम द्वारा इस चौक के नामकरण की मंजूरी दे दी है।
- गांव मंगलपुर स्थित 20 फुट गहरी खाई को भरा जाएगा।
- लाइन पार एरिया में पांच गेटों का निर्माण किया जाएगा। इससे उन कॉलोनियों को अलग पहचान देने के साथ सुंदरता को बढ़ावा देंगे । - वार्ड -15 स्थित ऋषि नगर, चांद सराय व मंगल कालोनी में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इससे उन कॉलोनियों में पानी भराव की समस्या नहीं रहेगी।
- ऋषि नगर से नई सब्जीमंडी तक सड़क की दोनों ओर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
- वार्ड-15 के गांव मदनपुर की डेढ़ एकड़ जमीन पर पार्क बनाया जाएगा।
- गांव कटाबाग में एक कब्रिस्तान के लिए जगह दी जाएगी।
- कंबोपुरा में एक पुस्तकालय खोला जाएगा तथा पानी की निकासी के नाले की व्यवस्था की जाएगी।
- वार्ड-20 स्थित हर्बल पार्क की तारबंदी की जाएगी।
- शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में मैकेनाइज्ड स्वीपिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए निगम द्वारा आउट सोर्सिंग के आधार पर रात के समय मशीनों के माध्यम से शहर की सफाई करवाई जाएगी।
- नगर निगम द्वारा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत शहर वासियों को स्वच्छ पेयजल, सुव्यवस्थित टॉयलेट, ई-टॉयलेट, बस क्यू शेल्टर, पार्क, साइकिल स्टैंड, टोकन साइकिल, पार्किंग, फुट ओवरब्रिज की सुविधा प्रधान की जाएगी।
-----------
विभागों के अधिकारी भी रहे मौजूद
निगम की बैठक में पहली बार अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें बिजली निगम, जनस्वास्थ्य विभाग, डीएफएससी व अन्य विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए और संबंधित विभागों को लेकर उठे सवालों के जवाब भी दिए।
पार्षदों के पति रहे हावी
बैठक में महिला पार्षदों के साथ-साथ उनके पति व परिजन भी बैठक में पहुंचे। इतना ही नहीं महिला पार्षद चुप रही, जबकि उनकी तरफ से उनके पति ने वार्ड की बात रखी। वार्ड पांच से कमलेश लाठर के पति रोहताश लाठर, सोनिया पंडित के पति नरेंद्र पंडित और कुमुदबाला के ससुर ने अपने अपने वार्ड की समस्या रखी। खास बात यह रही कि महिला पार्षद बैठक में न के बराबर ही बोली।