करनाल। असंध के विधायक बख्शीश सिंह विर्क ने मुनक गांव में करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया और ग्रामीणों को कहा कि असंध विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। विधायक ने शनिवार को मुनक से रिफाइनरी तक 2 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क का उद्घाटन किया और गांव मुनक में वाल्मीकि, कश्यप, ओढ़, बांवरिया की चौपालों के विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
इन चौपालों के लिए विधायक द्वारा 50 लाख रुपये का अनुदान दिया गया था। विधायक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। असंध में भी भरपूर विकास कार्य कराए जाएंगे। यहां के लोगों को किसी भी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना भेदभाव के विकास कार्य किए हैं, नौकरियों में मेरिट के आधार पर चयन किया गया है, आज गरीब का बच्चा भी अपनी योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी पा रहा है। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुलाब सिंह मुनक, सरपंच हवा सिंह, हरविंद्र सिंह, रघुबीर सिंह, पूर्व सरपंच बलजीत जग्गा, मंडल अध्यक्ष महीपाल राणा, ओम प्रकाश ओढ़, जद सिंह आदि मौजूद रहे।