घरौंडा। गांव गुढ़ा के नजदीक दो बाइक सवारों की ओर से एक ट्रक चालक से अवैध वसूली करने मामला सामने आया है। इसकी शिकायत ट्रक ड्राइवर ने पुलिस को की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
गांव देवकली जिला जोनपुर (यूपी) निवासी शिवकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि बुधवार को अपनी गाड़ी में बरसत खान से रेत भरवाकर हासीं के लिए जा रहा था। जब वह गांव गुढ़ा से कुछ दूर आगे पहुंचा तो दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आए और उसकी गाड़ी साइड में रुकवाकर उससे रेत की पर्ची और लाइसेंस मांगा और गाड़ी को मुनक थाने में ले चलने को कहा। इसके बाद एक युवक उसकी गाड़ी में बैठ गया और दूसरा बाइक लेकर आगे-आगे चलने लगा। उसकी गाड़ी में बैठे युवक ने उससे 3 हजार रुपये की मांग की और पैसे न देने पर गाड़ी को थाने में बंद करने की धमकी दी। जब वह नहीं माना तो उन्होंने जबरदस्ती 700 रुपये ले गए और कहने लगे कि यदि कोई रास्ते में उसको रोके तो उसके नंबर पर बात करवा देना। जिसने मुझे अपना नंबर भी दिया। ड्राइवर शिवकुमार ने बताया कि इस घटना के बाद उसने पूरे मामले की शिकायत अपने मालिक अशोक कुमार को बताई। ड्राइवर का कहना है कि यदि उक्त दोनों व्यक्तियों को पहचान लूंगा। ड्राइवर ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। मुनक चौकी इंचार्ज एसआई दलजीत सिंह ने बताया कि ड्राइवर शिव कुमार ने दो बाइक सवारों ने दबाव बनाकर अवैध वसूली करने की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज जांच आरंभ कर दी है।