सड़क हादसे में मृतकों के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जाते समय सड़क हादसे में गांव कलवेहड़ी के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि उनके सात अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शुक्रवार देर रात उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नकुड़ कस्बे के पास अमेट रोड पर उस समय हुआ जब श्रद्धालु इको वैन से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक वैन की एक ट्रॉली से टक्कर हो गई जिससे मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई। वहीं, घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान कलवेहड़ी गांव निवासी मोतीराम उम्र 60 साल, पृथ्वी उम्र 52 साल और हरिंद्र उर्फ रिंकू उम्र 35 साल के तौर पर हुई है। जबकि धन सिंह, सुभाष, सिंहराम, सुनील, बृजपाल गिरवर, रामचंद और सुनहरा को काफी चोटें आई हैं। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन शनिवार को सहारनपुर पहुंचे, जहां औपचारिकताएं पूरी कर शव गांव लाए जाएंगे। रविवार को अंतिम संस्कार की संभावना है।
कोई करता था मजदूरी तो कोई बर्तन बेच कर रहा था गुजारा
हादसे में जान गंवाने वालों में मोतीराम मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पृथ्वी करनाल के सेक्टर-9 में मिट्टी के बर्तन बेचकर गुजारा करता था। जबकि हरिंद्र उर्फ रिंकू एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और अपने छोटे बच्चों व पत्नी का सहारा था। तीनों मृतक शादीशुदा थे और गांव के सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करते थे।