जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को कोरोना संक्रमण के 26 केस सामने आए हैं, इनमें एक नवविवाहित जोड़ा भी शामिल है, जिनकी 29 जून को ही शहर के एक बड़े होटल में शादी हुई थी और अब हनीमून के लिए मसूरी में होटल बुक कराया था, लेकिन होटल संचालक की ओर से कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट मांगी गयी॥ इसके बाद जांच कराने पर दोनों पाजिटिव पाये गये हैं।
सिविल सर्जन की रिपोर्ट के अनुसार जिले में शनिवार को पाये गये 23 कोरोना संक्रमितों में कैथल, गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र जिलों से संबंधित एक-एक केस है। वहीं जिला करनाल से संबंधित 23 केस है। इसमें नीलोखेड़ी में 5, तरावड़ी में 3, सेक्टर 6 में 3, मधुबन में एक, ओगन्ध में एक, फूसगढ़ में एक, शेखुपुरा में एक, कलंदरी गेट में एक, जलाला में एक, मनिरा मंदिर में एक, घरौंडा में एक, भगत राम कॉलोनी में एक, गंजोगडी में एक, इंद्री के मुरादगढ़ में एक, इंद्री में एक केस पाया गया है। अमृतधारा हॉस्पिटल, कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज और नीलोखेड़ी डिस्पेंसरी का एक-एक स्टाफ भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
सीएमओ ने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशानुसार प्रशासन ने निर्णय लिया है कि जिन लोगों में कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं पाये जाते हैं, उन्हें अस्पताल में रखने की बजाए नीलोखेड़ी के नजदीक स्थित गुरुकुल में स्थापित किये गए कोविड केयर सेंटर में रखा जाता है। वहीं लक्षण वालों को कल्पना चावला मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जा रहा है।
पड़ोसियों ने फेंकी शादी की मिठाई
सेक्टर 6 निवासी नवविवाहित जोड़े की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जब इस बात का पड़ोसियों को पता लगा तो उन्होंने उनकी शादी की मिठाईयों को फेंकना शुरू कर दिया। यही नहीं पड़ोसियों में डर बना हुआ है है कि शादी में शामिल होने के कारण कहीं वे भी कोरोना की चपेट में न आ जाएं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच की जा रही है कि आखिर नवविवाहित जोड़ा कैसे संक्रमित हुआ है॥