कांटा लगाने की मांग पर किसानों ने शुगर मिल गेट के सामने दिया धरना, एसडीएम ने दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
असंध।
एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता 20 जनवरी को प्रस्तावित नए शुगर मिल के आधारशिला कार्यक्रम को लेकर किसानों को कार्यक्रम में पहुंचने का न्यौता दे रहे हैं, वहीं असंध में गन्ना उत्पादक किसानों ने शुगर मिल के सामने धरना शुरू कर दिया। किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, इस दौरान इनेलो और कांग्रेस नेताओं ने भी किसानों के धरने को समर्थन दिया। धरने को इनेलो जिला अध्यक्ष यशबीर राणा, हलका अध्यक्ष धर्मबीर पाढा और कांग्रेस महिला प्रदेश महासचिव सरोज कुडलन ने समर्थन दिया। किसान नेता अनिल फफड़ाना ने कहा कि किसानों ने कांटा लगाने की मांग को लेकर आठ जनवरी को एसडीएम को मांग पत्र दिया था, लेकिन प्रशासन व सरकार किसानों की समस्याओं को अनदेखी कर रही है, जिसको किसान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। किसान समिति के सदस्यों ने एसडीएम को दिए गए मांग पत्र में कहा कि जो किसानों का गन्ना नारायणगढ़ जाएगा उसकी पेमेंट शुगर मिल असंध द्वारा ही की जाएगी और गन्ने की पर्ची किसानों की 80 लाख क्विंटल की होनी चाहिए।
किसानों ने कहा कि फफड़ाना क्षेत्र के जो रास्ते खराब पड़े हैं, उनको ठीक करवाया जाए। धरने पर बैठे किसानों को संबोधित करते हुए यशबीर राणा व धर्मबीर पाढा ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। वहीं महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज कुडलन ने कहा कि सरकार व प्रशासन किसानों की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नही दे रहा जिस कारण किसानों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं किसान एसडीएम से मिले और एसडीएम ने मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर इनेलो नेता नरेंद्र सिंधड़, नरेश रंगरूटीखेड़ा, अमन शर्मा, शमशेर सिंधड़, बिजेंद्र राणा, जोगिंद्र संधू, भल्ले राम बैनिवाल, कृष्ण मान, ज्वाला सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे।