अमेरिका भेजने के नाम पर दंपती से 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घरौंडा थाना पुलिस को दी गई शिकायत में गुढ़ा गांव की रीतू रानी ने बताया कि वह आठ माह की गर्भवती है। मई 2021 में गांव के सतपाल दहिया ने उसे व उसके पति मनीष को अमरीका भेजने का सपना दिखाया और कहा कि यदि वह उसे 35 लाख रुपये दें तो उन्हें अमेरिका में सेटल करा देगा। सतपाल दहिया विदेश भेजने वाले एक एजेंट के रूप में ही काम करता है। उसने उसकी मुलाकात अपने घर पर यूपी व दिल्ली से आए दीपेश चक्रवर्ती, दीपेश के पिता दीपांकर चक्रवर्ती, राहुल कुमार, गुलशन कुमार और आफताब से करवाई।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह सैकड़ों लोगों को विदेश भेज चुके हैं। उसके पति ने 35 लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए अपने तमाम गहने तथा जमीन बेचकर करीब 37 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया। आरोपियों ने तय किया कि अमेरिका जाने से पहले 20 लाख भारत में देने होंगे। बाकी 15 लाख रुपये विदेश पहुंचने पर देने होंगे। इसलिए आरोपियों को अभी तक बैंक ट्रांसफर और नकदी में 20 लाख रुपये से ज्यादा पैसे दे दिए हैं। पैसे लेने के बाद मई 2021 में हमें दिल्ली से अमेरिका की दो एयर टिकट, रितू व मनीष का वीजा तथा अन्य कई फर्जी दस्तावेज भेज दिए। तीन जून 2021 को फ्लाइट दिल्ली से अमेरिका के लिए बुक होने की बात कही लेकिन जब वह एयरपोर्ट पहुंचे तो कह दिया कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है। तब से लगातार टालमटोल करते आ रहे हैं। बाद में पता चला कि जो दस्तावेज बनवाकर दिए थे, सभी फर्जी थे। दबाव बनाया तो तीन लाख रुपये वापस दिए, अब रुपये मांगने पर धमकी देने लगे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।