माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/इंद्री। ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब स्थानीय एसबीआई इंद्री शाखा में चेक के जरिये फर्जी तरीके से 20 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, इंद्री खंड निवासी हुसैन के मोबाइल पर अचानक उसके खाते से 20 लाख रुपये निकलने का मैसेज आया। इतनी बड़ी रकम के ट्रांजेक्शन होने की सूचना मिलते ही उसके होश उड़ गए।
घबराया हुआ हुसैन बिना देरी किए तत्काल इंद्री स्थित एसबीआई की शाखा में पहुंचा और बैंक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। हुसैन ने आरोप लगाया कि इस चेक पर उसके फर्जी हस्ताक्षर हैं। उसके चेक पर सिर्फ 10 लाख रुपये निकालने की अनुमति थी।
बैंक ने मिलीभगत कर 20 लाख रुपये ट्रांसफर करवा दिया जबकि उसके पास कोई फोन तक नहीं किया गया। युवक ने इस पूरे प्रकरण की सूचना तुरंत पुलिस को भी दी है।
बैंक प्रबंधन ने संबंधित चेक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, पुलिस ने भी राजेश नाम के आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि चेक पर युवक के हस्ताक्षर की नकल कर बड़ी रकम निकालने की साजिश रची गई थी। ,