2 laakh rupaye ka inaamee aaropee mujaphphar ahamad giraphtaar
- फोटो : Kaithal
हरियाणा पुलिस सिपाही पेपर लीक मामले में कैथल पुलिस ने कश्मीर से मुख्य आरोपी दो लाख रुपये के वांछित मुजफ्फर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए-1 कैथल पुलिस की टीम उसको कैथल ला रही है। पुलिस इस मामले में 50 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों सहित 34 को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुजफ्फर अहमद पुलवामा क्षेत्र में स्थित एक प्रेस से प्रश्न पत्र और आंसर-की लीक करने का मुख्य आरोपी है।
विदित रहे कि हरियाणा पुलिस ने कश्मीर से मुख्य आरोपी मुजफ्फर अहमद और मोहम्मद अफजल डार पर 2-2 लाख रुपये और 9 अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मोहम्मद अफजल डार का तो फोटो सहित पोस्टर भी जारी किया हुआ है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के बाद मुजफ्फर अहमद को काबू किया है। एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी की टीम ने एक गुप्त सूचना मिलने उपरांत गुल जिला रामबन जम्मू निवासी मुजफ्फर अहमद खान को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी जितेंद्र निवासी गांव सिंधरा तहसील भाला जिला डोडा जम्मू ने चारों परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र व आंसर-की की एक-एक प्रति मुजफ्फर अहमद खान को दी थी। जो आगे एजाज अमीन निवासी दूध गंगा कॉलोनी ओल्ड छानपुर श्रीनगर ने प्रश्न पत्र व आंसर-की जम्मू एयरपोर्ट पर अफजल निवासी हजरत बल श्रीनगर को दी तथा सौदा 60 लाख में तय हुआ था। पैसे परीक्षा के बाद देने थे और 60 लाख में मुजफ्फर व एजाज का बराबर का हिस्सा तय किया गया था। फिर आरोपी अफजल द्वारा एक करोड़ रुपये में पेपर और आंसर-की 5 अगस्त को ही दिल्ली एयरपोर्ट पर आरोपी राजकुमार को दी गई थी। आरोपी एजाज को भी कैथल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अब कश्मीर से मुजफ्फर अहमद खान को गिरफ्तार करके कैथल ला रही है, जिसे न्यायालय में पेश करके पूछताछ की जाएगी। इससे पूर्व 50-50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मनोहर निवासी ढानी खुशहाल जिला भिवानी तथा नवीन निवासी माजरा को भी कैथल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसके अलावा पांच दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे 50 हजार के इनामी आरोपी नवीन के कब्जे से सीआईए-2 पुलिस द्वारा वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन, प्रिंटर तथा उसके द्वारा कुछ उम्मीदवारों से प्राप्त किए गए एडमिट कार्ड बरामद किए गए हैं। आरोपी नवीन वीरवार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब इस मामले में मोहम्मद अफजल डार की गिरफ्तारी शेष है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए भी छापामार कार्रवाई कर रही है।