हरियाणा के लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार शाम चंदाना गेट से फ्रांसवाला मार्ग पर जोगी समाज के गुरु गोरखनाथ सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार के पिछले आठ वर्ष के कार्यकाल में इस जिला के हर वर्ग और समुदाय को बराबर सम्मान मिला है। कार्यक्रम में जिले भर से आए जोगी समाज व अन्य समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सुरजेवाला ने कहा कि 90 दिन में खनौरी बाईपास का निर्माण पूरा हो जाएगा। 31 मार्च तक बाईपास चालू हो जाएगा। जोगी समाज द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करते हुए धर्मशाला के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने जहां मुख्य सड़क से धर्मशाला स्थल को जोड़ने वाली गली के लिए 10 लाख तथा मिट्टी की भरत के लिए दिए गए साढ़े छह लाख रुपये का जिक्र किया वहीं समाज की मांग पर धर्मशाला स्थल की भूमि 600 गज से बढ़ाकर एक हजार गज कर देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के पास गुरु गोरखनाथ के नाम से 150 गज भूमि पर स्मारक बनाने के लिए दो लाख रुपये की धनराशि अलग से दी जाएगी। उन्होंने निर्माण समिति को इस भवन में युवा जोगी समाज के लिए एक कक्ष बनाने का भी आह्वान किया।
इस मौके पर नगर पार्षद सुरेंद्र रांझा, जोगी समाज के मास्टर रमेश कुमार, पूर्व प्रधान हरफूल सिंह, डॉ. शिव कुमार, कश्मीरी लाल, अमित एडवोकेट, सुरेंद्र शास्त्री, सुल्तान सिंह, आशुतोष, मांगेराम, सुधीर, विजय, अशोक, दिनेश के साथ पूर्व मंत्री रामभज, बहादुर सैनी, डॉ. श्याम साहनी, रामनिवास मित्तल, सुरेश रोड़, भीम सिंह फौजी और बलराज मौजूद रहे।