करनाल। अपनी प्रेमिका की दस साल की बेटी की हत्या के आरोप में जिला जेल में बंद एक बंदी ने शनिवार रात को एक नुकीली वस्तु को पेट में मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इससे जिला जेल में हड़कंप मच गया और घायल बंदी को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। बता दें यह बंदी न्यू वाल्मीकि बस्ती हांसी रोड निवासी अमित है, जिसने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर प्रेमिका की दस साल की बच्ची की हत्या की थी और उसके शव को कट्टे में बंद कर नहर में फेंक दिया था। सदर थाना पुलिस ने बंदी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना जांच अधिकारी अजैयब सिंह ने बताया कि जिला जेल में बंद बंदी अमित ने गिलास को तोड़कर नुकीला हथियार बनाकर अपने पेट में मार लिया है। जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। बंदी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दस जनवरी को कर दी थी आरोपी ने दस साल की बच्ची की हत्या
सदर बाजार रघुनाथ मंदिर केस समीप एक महिला लक्ष्मी अपने पति से अलग किराए के मकान में रहती थी। स्कूल की छुट्टी पड़ने पर उसकी दस साल की बेटी सोनम उसके घर रहने के लिए आ गई। लक्ष्मी का आरोपी अमित के साथ प्रेम प्रसंग था। दस जनवरी को बेटी सोनम को उसकी मां लक्ष्मी और अमित के बीच नाजायज संबंधों को पता चल गया था। इस कारण अमित ने अपनी प्रेमिका लक्ष्मी के साथ मिलकर उसकी बेटी सोनम की गला दबाकर हत्या कर दी थी और चीनी के कट्टे में डालकर उसके शव को नहर में फेंक आए थे। कई दिन बाद उन्होंने सोनम की गुमशुदगी की रिपोर्ट सदर बाजार चौकी में दी थी। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मी और अमित को पकड़कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था।