करनाल। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज सिक्योरिटी गार्ड लगवाने के नाम पर 40 हजार रुपये लेकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मधुबन थाना पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला कोर्ट के आदेश पर हुआ है।
गांव कुटेल गामड़ी निवासी जगबीर ने बताया कि उसे अपने बेटे को नौकरी लगवाना था। उसे गांव कुटेल निवासी राजिंद्र व घरौंडा निवासी मोहन मिला। आरोपी राजिंद्र ने बताया कि विधायक हरविंद्र कल्याण के साथ उसके अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कई नौकरी लगवाई हैं। आरोपी राजिंद्र ने 40 हजार रुपये मांगे और कहा कि वह उसके बेटे को 14 हजार रुपये हर महीने की सैलरी पर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड लगवा देगा। 4 दिसंबर, 2017 को वह 40 हजार लेकर राजिंद्र के साथ दूसरे आरोपी मोहन के पास गया और उसे 40 हजार रुपये दे दिए। उसने एक रसीद भी उसे दी, लेकिन उसका बेटा नौकरी नहीं लगा। वह बार-बार उससे रुपये मांगता रहा, लेकिन उन्होंने रुपये वापस नहीं दिए। अब आरोपी पैसे देने से इनकार कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, इस बारे में विधायक हरविंद्र कल्याण का कहना है कि उनका किसी से कोई लेना देना नहीं है। अगर किसी ने मेरे नाम का गलत प्रयोग किया है तो ये गलत है।