अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जिलेभर में करवाचौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सुबह ही सुहागिनों ने पतियों की दीर्घ आयु व मंगल कामना के लिए निरजला व निराहार व्रत रखा। सभी महिलाओं ने 16 शृंगार किया हुआ था। दोपहर के समय महिलाओं विभिन्न स्थानों पर एकत्रित होकर भगवान गणेश व मां गौरा की पूजा अर्चना कर कथा सुनी। इसके साथ ही कई स्थानों पर महिलाओं ने पास में ही नाच गाकर जमकर मस्ती की तो वहीं दूसरी ओर बाजारों में भी पति अपनी पत्नी के लिए खरीदारी करते हुए नजर आए। पूरा दिन बाजार में चहल-पहल रही। रात को करीब साढ़े आठ बजे बादलों में छिपे चांद को अर्घ्य देकर छलनी में अपने पति का चेहरा देखकर व उनके हाथों से पानी पीकर सुहागिनों ने व्रत खोला।
महिलाओं ने लोक गीतों पर किया नृत्य
शहर में महिलाओं ने एक निजी रेस्टोरेंट में एकत्रित होकर करवाचौथ की कहानी सुनी। इसके बाद महिलाओं ने लोक गीत गाकर नृत्य भी किया। इस दौरान महिलाओं ने खुब मस्ती की। इससे अलग महिलाओं ने विभिन्न तरह की प्रतियोगिताएं भी खेली। इनमें एक प्रतियोगिता में महिलाओं को अपने पति के पास आई लव यू का मैसेज सेंड करना था और जिस महिला के पति का रिप्लाई सबसे पहले आया उस महिला को सम्मानित किया गया।