विकास के लिए सरकार के पास धन की कमी नहीं : सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को विधानसभा क्षेत्र करनाल पहुंचे, निर्माणाधीन बाईपास और नए बस स्टैंड का किया निरीक्षण, जल्द काम पूरा करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को अचानक अपने विधानसभा क्षेत्र करनाल पहुंचकर क्षेत्र में चल रहे करोड़ों के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। ताकि लोगों को इसका जल्द फायदा मिल सके। सीएम ने कहा कि सरकार के पास धन की कमी नहीं है, अधिकारी विकास कार्य में तेजी दिखाएं। मुख्यमंत्री ने दौरे के दौरान सबसे पहले करीब 57 करोड़ रुपये की लागत से पश्चिम यमुना नहर के किनारे कर्ण लेक के नजदीक से कैथल रोड पुल तक बन रहे बाईपास का औचक निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि रेलवे लाइन के नीचे बनने वाला अंडरपास भी फरवरी माह में बन जाएगा, इसके लिए रेलवे के अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। इसके बाद इस बाईपास के बनने में कोई दिक्कत नहीं रहेगी और यह बाईपास निर्धारित समय 31 मार्च से पहले ही बनकर तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित समय पर बनकर तैयार हो जाना चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल बलड़ी बाईपास पर करीब 8 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से बन रहे नये बस स्टैंड के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि यहां केवल जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसटीपी लगाने का कार्य ही बाकी है। प्रथम चरण का 98 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तथा जनवरी माह में ही इसका उद्घाटन हो सकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि पहले जन स्वास्थ्य विभाग का कार्य पूरा करवाएं, उसके बाद ही उद्घाटन के कार्य के बारे में विचार करें। मुख्यमंत्री को पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि इस बस अड्डे पर छह बेज बनाए गए हैं, इसके बाद द्वितीय और तृतीय चरण पीपीपी मोड पर बनाया जाना है, जिसकी प्रक्रिया जारी है। आधुनिक बस अड्डे पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं होगी।
सीएम ने पूछा-पुल की चौड़ाई का काम हो गया, डीसी बोले-प्लानिंग चल रही है
वहीं बाईपास कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे सीएम मनोहर लाल ने डीसी डॉ. आदित्य दहिया और अन्य अधिकारियों से पूछा कि कैैथल रोड स्थित पश्चिमी यमुना नहर पर हर समय जाम की स्थिति रहती है। वहां पुल को चौड़ा करने का काम पूरा हो गया है। इस पर डीसी ने जवाब दिया कि अभी पुल को चौड़ा करने की प्लानिंग चल रही है। जल्दी ही उस पर भी काम शुरू कर दिया जाएगा। तो सीएम मनोहर लाल ने कहा कि वहां जाम की समस्या ज्यादा है। इसलिए जल्द प्लानिंग करके पुल को जल्द से जल्द चौड़ा करवाने का काम किया जाए ताकि लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिल सके। वही नए बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान सीएम ने डीसी से शहरी बस सेवा के बारे में पूछा तो डीसी ने कहा कि जल्दी प्रक्रिया को पूरा करके सिटी बसें चालू करवा दी जाएंगी। इस पर सीएम ने कहा कि नये बस अड्डे को चालू करने से पहले करनाल शहर में सिटी बस सेवा शुरू करवाई जाए और नये बस अड्डे की शुरूआत फरवरी माह में हरसंभव चालू हो जानी चाहिए।
मकान गिराने से परेशान लोग सीएम को शिकायत करने पहुंचे, पुलिस ने रोका
वहीं जुंडला गेट में एक 250 गज के मकान को गिराने की शिकायत को लेकर कुछ लोग सीएम मनोहर लाल से मिलने के लिए माल रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें बाहर ही रोक लिया और सीएम से मिलने नहीं दिया। पीड़ित राम सिंह, राजू, धर्मपाल, पूजा, माला, अनिल आदि ने बताया कि जुंडला गेट की भगत मंडी के पास उनका 250 गज में एक मकान था। जिसमें 40 के करीब सदस्य रहते थे। पीड़ितों ने बताया कि उनकी 25 गज जमीन पर झगड़ा था, इसका कोर्ट में केस चला हुआ है। पीड़ितों ने एक व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी ने हथियारबंद लोगों की मदद से उन्हें घरों से बाहर निकालकर उनका मकान गिरवा दिया है। वह सीएम से शिकायत करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया। इसके अलावा गोपी वाली गामड़ी निवासी रामकिशन रामदयाल ने भी आरोप लगाया कि एक हाउसिंग कंपनी ने उनके मकानों को गिरा दिया है। उन्हें भी सीएम से नहीं मिलने दिया गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव कांबोज, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, स्वच्छता मिशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, जिलाध्यक्ष जगमोहन आंनद, केडीबी के मानद सचिव अशोक सुखीजा, पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता, शमशेर नैन, सुनील गोयल, कुलदीप शर्मा, नरेंद्र पंडित, उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, एसपी जेएस रंधावा, नगर निगम आयुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, एडीसी निशांत कुमार यादव, पीडब्ल्यूडी अधीक्षक अभियंता वीरेंद्र जाखड़, एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, एक्सइएन आरके नैन सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।