समिति ने शहीद परगट सिंह के परिवार को रत्न-ए-हिंदुस्तान अवॉर्ड से नवाजा
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
प्रतिमा रक्षा सम्मान समिति की ओर से सावित्री बाई फूले की जयंती पर आयोजित सशक्त नारी राष्ट्रीय सम्मेलन में गांव रंबा के शहीद परगट सिंह के परिवार को रत्न-ए-हिंदुस्तान अवॉर्ड से नवाजा गया। परगट सिंह के पिता रतन सिंह, पत्नी रमनप्रीत कौर और बेटा दिवराज को यह अवॉर्ड सौंपा गया। इसके अलावा कार्यक्रम में सावित्री बाई फूले को समर्पित देश के विभिन्न राज्यों की 100 सशक्त महिलाओं को इंपावर्ड वूमेन अवार्ड से नवाजा गया। इस दौरान यशिका कपूर को माई डॉटर, माई प्राउड डॉक्यूमेंट्री के लेखन के लिए वंडर गर्ल अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं गूगल ब्वॉय कौटिल्य ने सशक्त नारी विषय पर महत्वपूर्ण विचार रख सबको हैरान कर दिया।
कार्यक्रम मेें झंझारिया लाइफ स्टाइल मल्टी ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड से निदेशक श्रवण झंझारिया मुख्य अतिथि, आईजी हरियाणा पुलिस सुमन मंजरी, आल इंडिया अचीवर्स कांफ्रेंस निदेशक अभिषेक बच्चन, पूर्व एडिशनल डायरेक्टर जनरल भारत सरकार प्रिया सिंह पाल, साध्वी पूर्वी साक्षी, कलाकार अमित बिग बी, देश के विख्यात साइक्लॉजिस्ट डॉ. नभित कपूर, सीनियर जर्नलिस्ट संजीव देव मलिक, सीनियर चीफ वार्डन विख्यात समाजसेवी राजेंद्र कपूर आदि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र अरोड़ा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।