एटीएम बदलकर पैसे निकलवाने वाले दो आरोपी काबू, चार वारदातें कबूली
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शहर में एटीएम बदलकर लोगों के खातों से पैसे निकालने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस ने ऐसे ही एटीएम बदलकर पैसा निकालने के दो आरोपियों को एक बाइक सहित काबू किया है। गिरफ्तारी के बाद सिटी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने चार लोगों के एटीएम बदलकर उनके खातों से पैसे निकालने की वारदातों को कबूल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से इन वारदातों में लोगों के बैंकों से निकाले गए रुपए बरामद करेगी।
सिटी थाना प्रभारी राजबीर ने बताया कि एटीएम कार्ड बदल कर लोगों के बैंक खाते से रुपये निकालने की कई घटनाएं शहर में हो चुकी हैं। इसे देखते हुए एएसआई गुलाब सिंह की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई जयपाल, एससी सुरेंद्र शामिल थे। टीम ने गुप्त सूचना मिलेते ही मीरा घाटी चौक के पास नाकाबंदी करके दोनों आरोपी दोस्तों परमजीत व रविंद्र उर्फ मन्नू वासी फूसगढ़ को बाइक सहित काबू कर लिया। दोनों आरोपी एक ओर वारदात को अंजाम देने की फिराक में उस एरिया में घूम रहे थे। पुलिस द्वारा प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने चार वारदातों के बारे में कबूला है। इसमें उन्होंने पहली वारदात 15 मई को पुरानी तहसील के पास पीएनबी बैंक एटीएम में एटीएम बदलकर सुखदेव सिंह के बैंक खाते से 56 हजार रुपए निकलवाएं थे, इसी प्रकार करीब 3 माह पहले मीरा घाटी स्थित ओबीसी बैंक के एटीएम में एटीएम बदल कर 25 हजार रुपए तथा तीसरी वारदात में 2 माह पहले वहीं मीरा घाटी स्थित ओबीसी बैंक के एटीएम से एटीएम बदलकर 15 हजार 400 रुपए निकलवाए थे। दोनों आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। ये दोनों आरोपी एटीएम में विभिन्न बैंक के एटीएम अपने पास रखते थे, इसके बाद एटीएम में पैसे निकलवाने आए व्यक्ति के पास खड़े हो जाते थे और उनके पैसे निकालने में मदद करने की बात कहकर एटीएम बदल लेते थे।