करनाल। जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में ट्रक के क्लीनर सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस जांच अधिकारी श्रीभगवान ने बताया कि ट्रक चालक मोहन चितौढ़गढ़ से अपनी गाड़ी में सीमेंट भरकर यमुनानगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गांव रंबा मोड़ स्थित गुरुद्वारा के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक चालक ने उनके ट्रक को टक्कर मार दी। चालक मोहन और क्लीनर मुकेश (48) वासी गांव रामगढ़ जिला पाली राजस्थान और दूसरी गाड़ी का चालक हरूण मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को इलाज के लिए कल्पना चावला राजकीय मेेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया। जहां बुधवार देर रात को इलाज के दौरान क्लीनर मुकेश ने दम तोड़ दिया। जबकि दोनों चालकों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने दोनों क्षतिगस्त गाड़ियों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
करनाल। जुंडला के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। सुभाष वासी जुंडला ने बताया कि उनका दामाद संदीप (35) वासी गांव बुढ़शाम जिला पानीपत, जुंडला की शराब फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार रात को काम खत्म करने के बाद जब वह वापस बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जुंडला के एमएनएम स्कूल के पास देर रात को किसी अज्ञात वाहन चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।