रोडवेज के बाद आज से 11 रूटों पर प्राइवेट सोसायटी की बसों का भी संचालन होगा। नियम और शर्तों के साथ विभाग ने लॉकडाउन से पहले की खड़ी इन बसों को भी संचालन की अनुमति दे दी है। करनाल में प्राइवेट सोसायटी की 70 बसें विभिन्न रूटों पर चलती हैं। लेकिन राज्य परिवहन मुख्यालय के आदेश के मुताबिक एक चौथाई बसों का संचालन ही प्राइवेट बस ऑपरेटर कर सकते हैं। ऐसे में 18 बसों का संचालन ही हो सकेगा। अधिकारियों की मानें तो बसें अपने पहले के टाइम टेबल के अनुसार ही चलेंगी। जो बस पहले जितने चक्कर लगाती थी, उतने ही लगाएगी। संचालन केवल 25 प्रतिशत बसों का ही होगा। विभाग के निर्देशों में एक अगस्त तक इसी तरह से बसें चलाने के लिए चार रोटेशन बनाए गए हैं। जिसमें 25-25 प्रतिशत बसों को ही हर रोटेशन यानी ग्रुप में शामिल किया गया है। इसके लिए समय सीमा भी तय की गई है। अभी अनलॉक 01 के बाद से रोडवेज की 19 बसों का संचालन हो रहा है। ये बसें लोकल रूटों के अलावा आसपास के जिले यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में भी जा रही हैं। जबकि एक बस पंचकूला तक जाती है। वहीं अब प्राइवेट बसों का भी संचालन होने से विभिन्न रूटों पर बस सर्विस बढ़ेगी।
50 प्रतिशत सवारी और रोजाना करनी होंगी सैनिटाइज
परिवहन आयुक्त की ओर से बसों के संचालन के लिए चार शर्तें भी दी हैं। जिसमें कहा है कि बस की क्षमता के आधार पर 50 प्रतिशत यात्री बैठाएंगे। ड्राइवर और यात्रियों को मुंह कपड़े या मास्क से हर वक्त कवर रखना होगा व सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करना होगा। बस को रोजाना सैनिटाइज करना होगा।
रोटेशन में बस संचालन की यह समयावधि की तय
रोटेशन समयावधि
पहली 25 प्रतिशत 8 जुलाई तक
दूसरी 25 प्रतिशत 9 से 16 जुलाई तक
तीसरी 25 प्रतिशत 17 से 24 जुलाई तक
चौथी 25 प्रतिशत 25 जुलाई से एक अगस्त तक
इस रूट पर चलेंगी प्राइवेट बसें
रूट नंबर रूट
139 करनाल से जठलाना
140 करनाल से रादौर
141 करनाल से मंगलौरा
142 नीलोखेड़ी से पिहोवा
143 करनाल से ढांड
145 करनाल से असंध
146 करनाल से पूंडरी
148 करनाल से शाहबाद
150 असंध से पानीपत वाया सालवन
151 असंध से पानीपत वाया सफीदों
152 इंद्री से पिहोवा
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर प्राइवेट बसों के संचालन की अनुमति दे दी है। कुल 70 बसों की चार रोटेशन बनी हैं। इनमें 25 प्रतिशत बसें ही एक वक्त में चलेंगी। आज से बसों का 11 रूटों पर संचालन होगा। सभी प्राइवेट सोसायटी संचालकों को जारी हिदायतों का पालन करना होगा। -अशोक बंसल, एडीसी एवं सचिव आरटीए करनाल