संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए नागरिक अस्पताल प्रबंधन सतर्क हो गया है, जिसको लेकर कोरोना मरीजों के लिए 18 बेड का आईसीयू वार्ड तैयार कर लिया है। पीएमओ डॉ. पीयूष शर्मा ने कहा कि फिलहाल यह नॉन-कोविड अस्पताल है। कोविड अस्पताल घोषित करने की जरूरत पड़े तो इसके लिए वार्ड में कार्य चल रहा है जो अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में कोरोना के मरीजों के लिए 100 बेड का आईसीयू वार्ड है। नागरिक अस्पताल को कोविड अस्पताल घोषित किया जाता है तो कोरोना मरीजों के लिए 18 बेड का आईसीयू वार्ड तैयार कर दिया है जिसमें प्रथम तल पर छह बेड बच्चों और चतुर्थ तल पर 12 बेड वयस्कों के लिए तैयार हैं।
137 ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध
प्रबंधन के अनुसार अस्पताल में 137 ऑक्सीजन के सिलिंडर हैं जिनमें 69 छोटे व 68 बड़े सिलिंडर शामिल हैं। वहीं, कोरोना की दूसरी लहर के दौरान चार मई को नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया था। जिसके चलते हर बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा है।
कोरोना महामारी से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। नागरिक अस्पताल में भी 18 बेड का आईसीयू वार्ड तैयार कर दिया गया है। अगर इसे कोविड अस्पताल घोषित किया जाता है तो मरीजों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। विभाग के पास ऑक्सीजन की भी कमी नहीं है। लोगों से अपील है कि कोरोना को लेकर घबराएं नहीं बल्कि इससे बचाव के नियमों का पालन करें।
डॉ. पीयूष शर्मा, पीएमओ नागरिक अस्पताल