अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री (करनाल)। गुरु नानक खालसा कॉलेज करनाल के एनएसएस के स्वयंसेवकों ने गांव मुस्सेपुर इंद्री में जाकर फलदार पौधे लगाए। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सीमा शर्मा के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने पूरे गांव में फलदार पौधे लगाए। गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव एवं कॉलेज स्थापना की स्वर्ण जयंती के पावन उपलक्ष्य में यह मुहिम चलाई है।
कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान कंवरजीत सिंह प्रिंस ने बताया कि गुरू महाराज के प्रकाश उत्सव पर प्रत्येक महीने 550 फलदार पौधे लगाए जाएंगे एवं ग्रामीणों को पर्यावरण व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बीर सिंह व डॉ. गुरिंद्र सिंह के कुशल निर्देशन में स्वयंसेवकों ने गांव मुस्सेपुर के मंदिर, चौपाल, गोगा मेड़ी, बरात घर, स्कूल व घर-घर में पौधरोपण किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व पर्यावरण जागरूकता पर रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया। गांव के सरपंच रवि कुमार अंकुश ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। कॉलेज की ओर से जिला वन अधिकारी विजेंद्र कुमार का पौधे उपलब्ध करवाने पर धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ. रेणु, ग्रामीण पहल सिंह, कोमल, नरेंद्र, काजल, सोनम, सौरभ शर्मा, कोमलप्रीत कौर, हरजीत कौर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।