डीसी रेट पर 70 चपरासी पदों के लिए पहुंचे 10 हजार युवा, भर्ती स्थगित, बेकाबू भीड़ ने सीएमओ अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
प्रदेश में किस कदर बेरोजगारी है, इसका आलम सीएम सिटी में मंगलवार को देखने को मिला। ईएसआई हेल्थ केयर हरियाणा में डीसी रेट (कलेक्टर रेट) पर निकली चतुर्थ श्रेणी के 70 पदों पर भर्ती होने के लिए प्रदेशभर के युवक-युवतियों का हुजूम उमड़ा। चपरासी पद के लिए आठवीं पास की योग्यता पर एमए, बीएड, बीटेक डिग्री धारी करीब 10 हजार युवा देने पहुंचे। इतनी भीड़ देखकर प्रशासन के हाथपांव फूल गए और आनन-फानन में भर्ती को स्थगित करना पड़ा। जैसे ही युवकों को भर्ती स्थगित होने की खबर मिली तो भीड़ बेकाबू हो गई और कई युवा ईएसआई सीएमओ की गाड़ी पर चढ़ गए। इसके बाद गाड़ी को धक्का देते हुए कार्यालय से बाहर निकाल लिया और तोड़फोड़ की। गुस्साई भीड़ ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और बवाल काटा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी एक्शन में आना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद हालात काबू में आ सके।
बता दें कि सिविल सर्जन ईएसआई हेल्थ केयर कार्यालय सेक्टर-13 के अधीन आने वाली डिस्पेंसरी और अस्पताल के लिए विभाग की ओर से डीसी रेट पर थर्ड क्लास और फोर्थ क्लास के 116 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। इनमें से 70 पद चपरासी के हैं। प्रदेश सरकार द्वारा थर्ड और फोर्थ क्लास की नौकरी के लिए साक्षात्कार खत्म कर रखा है, ऐसे में 70 पदों के लिए मंगलवार सुबह नौ बजे आवेदकों को शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ बुलाया गया था।
डीसी रेट की यह नौकरी पाने के लिए सुबह से प्रदेशभर के सभी जिलों से हजारों की संख्या में भीड़ पहुंच गई। सुबह से ही सेक्टर 13 की मुख्य सड़क से लेकर ईएसआई कार्यालय तक करीब आधा किलोमीटर लंबी कई लाइनें बन गई। गाड़ियों और अन्य वाहनों से पहुंचे करीब दस की हजार की भीड़ को देखकर प्रशासन की सांसें फूल गई और आनन-फानन में विभाग द्वारा भर्ती को स्थगित कर दिया गया।
सुबह साढ़े 10 बजे जैसे ही भीड़ को पता लगा कि भर्ती स्थगित कर दी गई तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और आवेदकों की भीड़ बेकाबू हो गई। सभी युवक कार्यालय में घुस गए और जमकर बवाल काटा, वहीं आनन फानन में भारी संख्या में पुलिस बल बुलाना पड़ा। पहले पुलिस ने युवाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माने। युवकों ने कार्यालय के अंदर खड़ी ईएसआई सीएमओ डॉ. चंद्रिका की गाड़ी भी बाहर धकेल ली और उसके शीशे तोड़ दिए। इतना ही नहीं सीएमओ की गाड़ी से नेम प्लेट भी उखाड़ ले गए। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने युवकों को वहां से खदेड़ा। जब पुलिस के डंडे बरसे तो युवक जूते और चप्पल समेत सामान छोड़कर भाग खड़े हुए। हालांकि, स्थिति को नियंत्रण में लेने में पुलिस कर्मचारियों को करीब दो घंटे लग गए। दोपहर एक बजे ही भीड़ छंटी और लोग अपने घरों को रवाना हो गए।
यह होनी हैं भर्ती
फार्मासिस्ट - 18
लैब टेक्निशियन- 5
एमपीएचडब्ल्यू फिमेल - 11
ड्राइवर - 01
क्लर्क - 11
फोर्थ क्लास- 70
उम्मीद से ज्यादा आवेदकों के आने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 16 और 17 जनवरी को होने वाले साक्षात्कारों को स्थगित कर दिया गया है। विभाग द्वारा दोबारा से इसकी तिथि तय की जाएगी और बाकायदा इसकी सूचना आवेदकों को दी जाएगी। -डॉ. चंद्रिका, सीएमओ, ईएसआई।