करनाल। रक्षाबंधन पर बहनों को भाई के घर तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने तैयारी पूरी कर ली है। करनाल डिपो की सभी 168 बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। यात्रियों को परेशानी न आए, इसलिए मुख्य मार्ग दिल्ली, चंडीगढ़, कैथल, जींद और यमुनानगर के लिए हर आधे घंटे बाद बस की सुविधा रहेगी।
सरकार ने महिलाओं को 15 साल के बच्चे के साथ रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में नि:शुल्क सफर की सुविधा का एलान किया है। यह सुविधा 36 घंटे ही मिलेगी। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से महिलाओं की बसों में टिकट नहीं लगेगी। ऐसे में सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर उनकी विशेष ड्यूटी लगाई गई है। रोडवेज की वर्कशॉप में काफी दिनों से खराब खड़ी बसों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। बहनों को कोई परेशानी न हो इसके लिए करनाल डिपो के जीएम और टीएम विशेष रूप से निगरानी रखेंगे।
वीरवार से ही बढ़ी रूट सर्विस
रोडवेज ने बहनों की सुविधा के लिए वीरवार से ही अपनी बस सर्विस बढ़ा दी है। जिस भी रूट की सवारियां अधिक रहीं, उस मार्ग पर ज्यादा बसों को चलाया गया। शुक्रवार को भी इसी तरह बसों को चलाया जाएगा। 20 बसों को आरक्षित रखा जाएगा।
एसी बसों में लगेगा टिकट
नि:शुल्क यात्रा का लाभ एसी और वोल्वो बसों में नहीं मिलेगा। वोल्वो या एसी बस में किराया लिया जाएगा। निजी सोसायटी की ओर से एलान किया गया है कि इस बार सरकार की ओर से किराया दिए बिना सोसायटी की बसों में नि:शुल्क सफर की सुविधा नहीं दी जाएगी। इसे लेकर सरकार को ज्ञापन भी भेजा गया है। जिस पर अभी तक निर्णय नहीं हो पाया।
रक्षाबंधन के लिए हमने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार से विभिन्न रूटों पर बस सर्विस और बढ़ेगी। किसी भी मार्ग पर ज्यादा सवारी दिखेंगी तो वहां के लिए विशेष बस भेज दी जाएगी। खराब बसों को भी ठीक कराया गया है। कर्मचारियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई है। - कुलदीप सिंह, महाप्रबंधक रोडवेज डिपो करनाल