अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी अब आईटीआई हरियाणा मोबाइल एप पर प्रदेश की किसी भी आईटीआई के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विद्यार्थी इस एप से आईटीआई में कितनी और कौन-कौन सी ट्रेड हैं और उनमें कितनी सीटें हैं ये सब जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रदेश सरकार ने आईटीआई विभाग में डिजिटलाइजेशन लाने के लिए यह निर्णय लिया है। विभाग का यह आईटी प्लेटफार्म विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के लिए फायदेमंद होगा। इससे अलग इस वर्ष में आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को भी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने बड़ा तोहफा दिया है। आईटीआई स्टूडेंट्स को अब अलग से 10वीं व 12वीं पास नहीं करनी पड़ेगी। आईटीआई कोर्स के साथ ही स्टूडेंट्स को 10वीं और 12वीं के हिंदी या अंग्रेजी विषय की परीक्षा देने पर शिक्षा बोर्ड सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी सर्टिफिकेट देगा। 8वीं के बाद हिंदी-अंग्रेजी और 10वीं के बाद सिर्फ अंग्रेजी विषय में 12वीं का पेपर उत्तीर्ण करना होगा।
ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड
विद्यार्थी अपने मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर आईटीआई हरियाणा टाइप करेंगे तो एप मोबाइल में दिखाई देगी और उसे डाउनलोड कर सकते हैं। इस एप पर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण के सभी सरकारी संस्थानों की सूची, प्रत्येक ट्रेड एवं उसमें रिक्तियां, डैशबोर्ड, उपस्थिति, स्कॉलरशिप समेत अन्य उपयोगी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। डिजिटल इंडिया के तहत ही हरियाणा सरकार भी डिजिटल हरियाणा की ओर अग्रसर हो रही है।
आईटीआई में होंगे अब होगा एनुवल एग्जाम
आईटीआई मुख्यालय ने सेमेस्टर सिस्टम खत्म कर दिया है। आईटीआई में अब वर्ष में एक बार ही परीक्षाएं होंगी। अधिकारियों के अनुसार आईटीआई में पहले दो बार परीक्षाएं होती थी। नई व्यवस्था लागू होने पर विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होगी।
प्रदेश में आईटीआई - संख्या - ट्रेड - सीटें
सरकारी आईअीआई - 167 - 3542 - 60576
प्राइवेट आईटीआई - 242 - 2302 - 39052
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की ओर से विद्यार्थियों के लिए आईटीआई हरियाणा के नाम पर मोबाइल एप बनाई है। इस एप से विद्यार्थी अपने मोबाइल से ही प्रदेशभर की आईटीआई की ट्रेड और सीटों की जानकारी ले सकते हैं इससे अलग विभाग की साइट पर भी सारी जानकारी है।-बलदेव सिंह, प्रिंसिपल आईटीआई, करनाल।