सड़कों के विकास पर खर्च होंगे 28 करोड़, राशि मंजूर
बौंद कलां-दादरी-चिड़िया लिंक मार्ग 19.13 करोड़ रुपये से होगा मजबूत
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सीएम मनोहर लाल ने जिला के बाढड़ा हलके की चार सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 28 करोड़ रुपये की राशि के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। जल्द टेंडर जारी किए जाएंगे।
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक, बौंद कलां-दादरी रोड,-चिडिय़ा से महेंद्रगढ़ के कनीना-अटेली तक संपर्क मार्ग, दूधवा से बलकरा, बाढड़ा से बेरला और सतनाली-बाढड़ा जुई मार्ग शामिल हैं। बौंद कलां-दादरी-चिड़िया लिंक मार्ग पर करीब 19.13 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसी प्रकार दूधवा-बलकरा मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य पर 240.18 लाख रुपये की राशि खर्च की जायेगी। इन सड़कों का कार्य पूरा हो जाने पर चरखी दादरी से दातौली, चांगरोड़, चिडिय़ा व बाघोत के लिए सबसे छोटा रास्ता होगा। बाढड़ा-बेरला मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य पर 363 लाख 81 हजार खर्च होंगे। यह मार्ग बेरला से आगे झोझू व कादमा तक के लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगा। सतनाली-बाढड़ा-जुई मार्ग के कार्य पर भी 305 लाख रूपए का खर्च आयेगा। उन्होंने कहा कि जिला की विभिन्न सड़कों को मजबूती मिलने से न केवल वाहन चालकों के लिए आवागमन सरल होगा, अपितु उन्हें आवागमन में समय की भी बचत होगी।
फोटो-19
दादरी -रोहतक रोड ।