माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर शुक्रवार को डॉ. मंगलसेन सभागार में जिला स्तरीय समारोह जन विश्वास-जन विकास आयोजित किया गया। इसमें इंद्री के विधायक एवं मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप ने 1587 परिवारों को 100-100 वर्ग गज के प्लाटों के अधिकार पत्र वितरित किए।
उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में शुरू की गई बिना पर्ची-बिना खर्ची योजना युवाओं के लिए वरदान साबित हुई है। मेधावी युवाओं को अब मेरिट पर नौकरियां मिल रही हैं। सरकार अब तक एक लाख 70 हजार युवाओं को नौकरी दे चुकी है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। पिछले विधानसभा चुनाव के समय किए गए 217 में से 46 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं। 90 संकल्प चालू वित्त वर्ष के अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे। सभी जिला सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवा शुरू की गई है। अब तक अंत्योदय तथा बीपीएल परिवारों की 18 लाख 50 हजार महिलाओं को 500 रुपये में एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराया जा चुका है। राज्य में 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए परीक्षार्थियों को केंद्र तक लाने और वापस घर पहुंचाने के लिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने पिछले विधानसभा चुनाव के समय किए गए वादे को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने गत माह लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की जिसके तहत पात्र महिलाओं को नवंबर से हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चार सालों में लंबित वादों को भी पूरा किया जाएगा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि पिछले 11 सालों में व्यवस्था परिवर्तन से प्रदेश का परिवेश बदला है। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन भी लोगों ने सुना। कार्यक्रम में उपायुक्त उत्तम सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, एसडीएम अनुभव मेहता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, जिला परिषद चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी, डीडीपीओ कंचनलता, बीडीपीओ प्रशांत, सोमवीर खटकड़, मोनिका, शिखा, तहसीलदार तहसील कृष्ण आदि मौजूद रहे।
पीएम ने दी देश को नई दिशा : जगमोहन
करनाल विधायक जगमोहन आनंद ने हरियाणा की 11 सालों की यात्रा को एक स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को 48 घंटे में डीबीटी के माध्यम से फसल खरीद का भुगतान किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में 500 वर्ग गज तक की भूमि पर पिछले 20 सालों से अधिक समय से रिहायशी मकानों में रह रहे परिवारों को भूमि का मालिकाना हक दिया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है।