अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जिले में खेल नर्सरियों को लेकर विभाग की ओर से तारीख पर तारीख दी जा रही हैं। खेल नर्सरियों की जांच पहले 14 जून को होनी थी और 24 जून को कोचों के दस्तावेजों को चेक किया जाना था लेकिन विभाग ने अभी तक न तो कोचों के दस्तावेजों की जांच की और न ही खेल नर्सरियों को चेक किया।
बार-बार विभाग यही कह रहा है कि स्कूल खुलने के बाद नर्सरियों को चेक किया जाएगा। विभाग की ओर से नर्सरियों की जांच के लिए 3 टीमें गठित की गई है लेकिन स्कूलों की छुट्टियां बढ़ जाने के कारण फिर से नर्सरियों जांच का कार्य अटक गया है। खेल अधिकारी का दावा है कि उन्होंने हेड ऑफिस से 15 जुलाई तक का समय लिया है। हालांकि अधिकारी अपनी ही बातों में उलझते हुए नजर आ रहे है अधिकारी कहते हैं कि15 या 20 जुलाई तक जांच रिपोर्ट हैड ऑफिस सौंप देंगे।
पिछली बार खेल नर्सरियों को लेकर फर्जीवाड़ा सामने आया था इसको लेकर विभाग गहनत से जांच कर रहा है। खेल विभाग द्वारा एक माह पहले जिले भर में 58 नर्सरियां अलॉट करने की लिस्ट जारी की गई थी। अब तक विभाग खेल नर्सरियों के ग्राउंड की जांच ही नहीं कर पाया। नर्सरियों में बॉक्सिंग, वॉलीबाल, कुश्ती, वुशू, हॉकी, फुटबाल, तैराकी, तीरअंदाजी, एथलेटिक्स व कबड्डी खेल शामिल है।
कोचों के दस्तावेजों को आज होगी जांच
जिले भर में 58 नर्सरियों के लिए 57 कोचों ने आवेदन किया हुआ है। जिनके दस्तावेजों की आज सुबह 9 बजे कर्ण स्टेडियम में जांच की जाएगी। हालांकि विभाग पहले भी इस तरह की कार्रवाई करने की बात कर चुका है लेकिन आज तक कुछ नहीं किया।
फर्जीवाड़े के कारण 14 नर्सरियां हुई बंद, फिर भी अधिकारी गंभीर नहीं
पिछली बार खेल नर्सरियों में फर्जीवाड़ा सामने आने के कारण 18 में से 14 नर्सरियां बंद करनी पड़ी थी। इस बार ऐसी स्थिति न आए इसलिए नर्सरियों की जांच होनी है। लेकिन फिर भी अधिकारी गंभीर दिखाई नहीं देते।
नर्सरियों के लिए आवेदन करने वाले स्कूलों की पहले होनी चाहिए थी जांच
अधिवक्ता देवव्रत चौहान का कहना है कि जिन स्कूलों ने नर्सरियों के लिए आवदेन किया था उनके विभाग ने पहले जांच क्यों नहीं की। बार-बार जांच की तारीख को आगे बढ़ाकर खेल विभाग खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
जिला खेल अधिकारी सुमन सैनी कहना है कि 15 जुलाई तक का समय हेड ऑफिस से लिया गया है। 15 जुलाई तक कमेटी द्वारा नर्सरियों व कोचों के दस्तावेजों की जांच के बाद जांच रिपोर्ट को हैड ऑफिस भेजा जाएगा।